छत्तीसगढ़ बॉर्डर से सटे सोनभद्र में रातभर चिंघाड़े हाथी, लोगों ने पूरी रात जगकर गुजारी रात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोनभद्र जिले में छत्तीसगढ़ बार्डर से सटे बभनी थाना क्षेत्र के मंगरमाड के जंगल में रविवार की रात हाथियों का झुंड डटा रहा। हाथियों की चिंघाड़ से ग्रामीण सारी रात सो नहीं सके। हाथियों को भगाने के लिए वह घर के बाहर रातभर आग जलाए जागते रहे, लेकिन हाथियों की चिंघाड़ कम नहीं हुई।
छत्तीसगढ़ से हाथियों का झुंड बभनी क्षेत्र में प्रवेश कर चुका है। शनिवार की रात में नवाटोला गांव में हाथियों ने दो लोगों के घरों को गिरा दिया और कई किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया।
घर की दीवार गिरने से एक महिला और एक बच्ची घायल हो गई थी। रविवार की रात भी हाथी जंगल में बने रहे। उनकी चिंघाड़ काफी दूर तक सुनी जा रही थी। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मदद से हाथियों के झुंड को जंगल की ओर खदेड़ दिया है।
हाथियों के डर से क्षेत्र के लोग सहमे हुए हैं। गांव के सुरेन्द्र कुमार, इंद्रदेव सिंह ने बताया कि रात में हाथियों का झुंड मंगरमाड के जंगल में था और चिंघाड़ रहा था।
क्षेत्र में रहने वाले लोगों को हाथियों के हमले का भय बना हुआ है। वन दरोगा ठेगूराम यादव ने बताया कि हाथियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों को जंगल की ओर जाने से मना कर दिया गया है।