यूपी: सोते समय बिजली विभाग ने की छापेमारी, अवैध रूप से बिजली चला रहे 22 लोगों को पकड़ा
वाराणसी में बिजली विभाग ने बिजली चोरी रोकने के लिए अपनी रणनीति बदल दी है। रणनीति के तहत दिन में या पहले से बता कर छापेमारी की कार्रवाई करने के बजाय विभाग ने ऐसे समय बिजली चोरों के खिलाफ कार्रवाई की रणनीति बनाई है, जब लोग सोए रहते हैं।
शनिवार को रणनीति के तहत मडुवाडीह में बिजली विभाग ने छापेमारी कर हड़कंप मचा दिया। विभाग की इस कार्रवाई से लोगों में काफी आक्रोश दिखा। लोग बिजली विभाग की छापेमारी में शामिल लोगों पर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर अवैध वसूली का आरोप भी लगा रहे थे।
मंडुवाडीह क्षेत्र के आदर्श नगर व एलआईसी गली में शनिवार तड़के सुबह लगभग 4 बजे विभाग की विजिलेंस टीम ने छापेमारी कर अवैध रूप बिजली चल रहे 22 लोगों को पकड़ लिया। विजिलेंस टीम व पुलिस बल को देखते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। टीम ने किसी भी तरह के आरोपों से बचने के लिए छापेमारी की वीडियो-फोटोग्राफी भी करवाई।
टीम को लीड कर रहे एसडीओ सुरेश कुमार और उपखण्ड अधिकारी अनूप कुमार राय, जेई घनश्याम सिंह अपनी टीम के साथ अभियान में शामिल थे। साथ में विजिलेंस इंस्पेक्टर संजय सिंह, उपनिरीक्षक चन्द्रभूषण प्रजापति भी अभियान में शामिल रहे।
टीम में शामिल लोगों ने बताया कि अवैध रूप से बिजली का उपयोग करने वालों के खिलाफ सेक्शन 135 के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग की निष्क्रियता के कारण जगह-जगह जर्जर तार, खंभे दुर्घटना को दावत दे रहे हैं। उसको सही करवाने के बजाय विभाग लोगों का लोड बढ़ाने के नाम पर खून चूस रहा है।