काशी में बिजली विभाग का मास्टर प्लान: 1300 करोड़ से भूमिगत होंगे तार, बनेगा नया सब स्टेशन
काशी में 1300 करोड़ से बिजली के तार भूमिगत होंगे। साथ ही नया सब स्टेशन भी बनेगा। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत होने वाले कार्य के लिए ऊर्जा मंत्रालय ने 1300 करोड़ रुपये के प्रस्तावों की स्वीकृति दी है।
विस्तार
काशी में जहां-जहां ऊपर बिजली के तार दिख रहे हैं, सभी को अंडर ग्राउंड करने की तैयारी है। इसके अलावा बेहतर बिजली आपूर्ति के उद्देश्य से नए सब स्टेशन भी बनेंगे।
उपकेंद्रो पर पावर ट्रांसफॉर्मर लगेंगे। कॉलोनियों में भी ट्रांसफॉर्मर लगेंगे। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत होने वाले कार्य के लिए ऊर्जा मंत्रालय ने 1300 करोड़ रुपये के प्रस्तावों की स्वीकृति दी है। कागजी कार्रवाई जल्द पूरी होगी।
आईपीडीएस योजना 2017 में लागू होने के बाद पूरे शहर समेत कॉलोनियों तक तारों को भूमिगत करने का संकल्प लिया था। इसके बावजूद आज भी सप्तसागर, नई सड़क, मैदागिन, चौक, विशेश्वरगंज, जंगमवाड़ी से लेकर कबीरचौरा, लहुराबीर आदि जगहों पर तार ऊपर ही हैं। गर्मी में विद्युत आपूर्ति की मांग अधिक होने पर ट्रांसफॉर्मर लोड नहीं ले पाते हैं।
सब स्टेशनों से कई इलाकों में आपूर्ति हो रही है। समाधान के लिए ही स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत काशी में नए सिरे से काम होना है। निगम की ओर से तैयार प्रस्ताव को अब स्वीकृति मिल चुकी है। नए साल से काम शुरू होने के आसार हैं।
क्या कहते हैं अधिकारी
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत ऊर्जा मंत्रालय की ओर से 1300 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। काम जल्द शुरू हो, इसके लिए नियमानुसार टेंडर करने सहित अन्य कागजी कार्रवाई भी जल्द पूरी कराने की तैयारी है। तारों को भूमिगत करने के साथ ही नए सब स्टेशन बनाने, ट्रांसफार्मर मंगाए जाने, बिजली पोल लगाने सहित आपूर्ति सुधार की दिशा में कई कार्य होंगे। -जितेंद्र नलवाया, निदेशक तकनीकी, पूर्वाचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड