इलेक्ट्रिक स्कूटी बनी आग का गोला: दो स्कूटी, दो बाइक और फ्रिज जलकर खाक, घरवालों ने ऐसे बचाई जान; अफरातफरी
कोतवाली नगर के हनुमान नगर कॉलोनी भीटी में चार्जिंग के दौरान इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लग गई। आग की चपेट में आकर दो स्कूटी, दो बाइक और फ्रिज जल गए। दो मंजिला मकान की दीवारों पर राख की परत जम गई। गली संकरी होने से दमकल वाहन नहीं पहुंच सका। पड़ोसियों ने दो सबमर्सिबल चलाकर आग बुझाई। घर के सदस्य बाल-बाल बच गए।
विस्तार
मऊ में थाना कोतवाली नगर के हमुनाम नगर कॉलोनी भीटी निवासी राकेश कुमार राय के मकान में सोमवार की भोर में 4:15 बजे इलेक्ट्रिक स्कूटी आग का गोला बन गई। वहां खड़ी दो बाइक और एक अन्य स्कूटी, फ्रिज सहित पांच लाख रुपये के सामान जलकर राख हो गए। धुएं का गुब्बार उठने से दो मंजिला मकान की दीवारों पर राख की मोटी परत जम गई।
गनीमत रहा कि आग लगने के बाद किसी भी बाइक की टंकी नहीं फटी, जिसके चलते घर में मौजूद सभी सदस्य बाल बाल बच गए। आग की तेज लपटें निकलती देख मुहल्ले के लोग पहुंच गए और राहत बचाव का काम शुरू किया। राकेश कुमार राय ने बताया कि वो अपने परिवार के साथ मकान के पहली मंजिल पर रहते हैं। नीचे किराएदार अपने परिवार के साथ रहते हैं। बरामदे में इलेक्ट्रिक स्कूटी चार्जिंग में लगी थी।
किसी कारण से भोर में करीब 4:15 बजे अचानक उसमें आग लग गई आग की लपटें तेज होने पर किराएदार को घटना की जानकारी हुई तो उसने ऊपर पहुंचकर सूचना दी। जब तक सभी जगते चारों दो पहिया वाहन धूं धूं कर जलने लगे। नीचे उतरकर आग बुझाना मुश्किल था। अंदर मौजूद सभी लोगों ने पीछे के दरवाजे से निकलकर जान बचाई और फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी।
फायर ब्रिगेड की टीम दमकल वाहन लेकर पहुंची, लेकिन गली संकरी होने के कारण वाहन दरवाजे तक नहीं पहुंच पाया। मजबूरन पड़ोस के दो घरों से सबमर्सिबल चालू करके एक घंटे की मशक्कत से आग बुझाई गई। बताया कि इस घटना में उनके घर का करीब पांच लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया है।
आग लगने की सूचना पर टीम दमकल वाहन के साथ पहुंची थी, लेकिन गली संकरी होने के कारण वाहन अंदर नहीं पहुंच पाया। टीम ने बुलेट सर्विस से और पड़ोसियों का सबमर्सिबल चालू कराकर आग पर काबू पाया। घटना में करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। - के वर्मा, सीएफओ, मऊ