Health: वाराणसी में आठ डॉक्टर हैं अधिकारी, कागज पर है आदेश पर नहीं देखते मरीज; ACMO-डिप्टी सीएमओ को निर्देश
Varanasi News: वाराणसी जिले में सीएमओ, एसीएमओ, डिप्टी सीएमओ को मिलाकर 8 डॉक्टर हैं लेकिन मरीज देखने की व्यवस्था पूरी तरह लागू नहीं हो रही है। ज्यादातर लोग कार्यालय में ही बैठे रहते हैं।
विस्तार
सरकारी अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले मरीजों को डॉक्टर की कमी से न जूझना पड़े, इसलिए प्रशासनिक पदों पर बैठे डॉक्टरों को भी सप्ताह में तीन दिन ओपीडी में आने का निर्देश शासन ने जारी किया था। स्थानीय स्तर पर आदेश कागज पर जारी होने के बाद भी इसका पालन नहीं हो रहा है।
स्वास्थ्य विभाग में सीएमओ से लेकर एडिशनल सीएमओ, डिप्टी सीएमओ, एसआईसी, सीएमएस सहित बहुत से ऐसे पद हैं, जिन पर बैठै डॉक्टर भी अलग-अलग विशेषज्ञता वाले हैं। अगर यह शासन के निर्देश के पालन में ओपीडी में बैठते हैं तो निश्चित तौर पर इसका लाभ मरीजों को मिलेगा।
चार साल पहले 15 जून 2021 को भी एक आदेश जारी कर शासन ने स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारियों को सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी का हवाला देते हुए सप्ताह में तीन दिन 2 घंटे ओपीडी में बैठने को कहा था। इसके बाद कुछ दिन तक तो व्यवस्था चली, फिर सब जस का तस हो गया।
शासन स्तर पर जारी हुआ था निर्देश
शासन स्तर से पहले जून 2021 में आदेश जारी कर अधिकारियों को ओपीडी में सेवा देने को कहा गया है। इसके बाद जनवरी 2025 में महानिदेशक स्वास्थ्य ने भी एक आदेश जारी किया। इसमें इस बात का जिक्र भी किया गया था कि अधिकारी इसका अनुपालन नहीं कर रहे हैं।
महानिदेशक के आदेश के बाद 23 जनवरी 2025 को सीएमओ ने अपने साथ-साथ स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ अधिकारियों को सप्ताह में तीन दिन दो-दो घंटे सुबह (9 से 11 बजे तक) निर्धारित अस्पताल/स्वास्थ्य केंद्र में ओपीडी में मरीजों को देखने का शेड्यूल जारी करवाया। हकीकत यह है कि अधिकारी ज्यादा समय कार्यालय में ही दिखते हैं।
इन डाॅक्टरों को ओपीडी में बैठने की दी गई थी जिम्मेदारी
- डॉ. संदीप चौधरी-सीएमओ -शहरी सीएचसी दुर्गाकुड, शिवपुर, चौकाघाट।
- डॉ. संजय कुमार राय-एडिशनल सीएमओ- शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मदनपुरा, भेलूपुर और एसवीएम चिकित्सालय भेलूपुर
- डॉ. एसएस कनौजिया -एडिशनल सीएमओ - सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर
- डॉ. राजेश प्रसाद -एडिशनल सीएमओ- शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मंडुवाडीह और दुर्गाकुंड
- डॉ. हरिश्चंद्र मौर्या -डिप्टी सीएमओ- शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पांडेयपुर, अर्दली बाजार और शिवपुर
- डॉ. पीयूष राय - डिप्टी सीएमओ-टीबी यूनिट कबीरचौरा
- डॉ. वाईबी पाठक -डिप्टी सीएमओ-शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मंडुवाडीह, बजरडीहा और दुर्गाकुंड
- डॉ. अमित सिंह -डिप्टी सीएमओ-टीबी यूनिट कबीरचौरा
शासन के निर्देश पर सीएमओ, एसीएमओ सहित सभी अधिकारियों को सप्ताह में तीन दिन दो-दो घंटे ओपीडी में बैठना है। निश्चित तौर पर इससे मरीजों को लाभ होगा। वाराणसी सहित मंडल के सभी जिलों में इस निर्देश का पालन करवाया जाएगा। - डॉ. एनडी शर्मा, अपर निदेशक स्वास्थ्य