नई काशी और ट्रांसपोर्ट नगर योजना को परवान चढ़ाने के लिए होगा ड्रोन सर्वेक्षण, ये है तैयारी
नई काशी के सुनियोजित तरीके से बसाने के लिए विकास प्राधिकरण रिंग रोड किनारे ऐढ़े में ड्रोन सर्वे कराएगा। सर्वे की मदद से इस पूरी योजना का खाका तैयार किया जाएगा।
पिछले दिनों मैन्युअल सर्वे करने वाली अहमदाबाद की कंसलटेंट नेक्टर इंजीनियरिंग एंड प्रोजेक्ट कंसल्टेंसी ने ड्रोन का सर्वे का सुझाव दिया है। इसी दौरान मोहन सराय में प्रस्तावित ट्रांसपोर्ट नगर का भी ड्रोन सर्वे कर जमीन की वास्तविक स्थिति देखी जाएगी।
टाउन प्लानिंग स्कीम के तहत नई काशी के निर्माण के लिए विकास प्राधिकरण ने रिंग रोड किनारे ऐढ़े गांव में 309 हेक्टेयर जमीन चिह्नित कर शासन को प्रस्ताव भेजा है। योजना को आकार देने के लिए केंद्र सरकार ने अमृत योजना के तहत कंसलटेंसी चयन और प्रोजेक्ट निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये जारी किए हैं। कंसलटेंसी के चयन के बाद बीते सप्ताह कंसलटेंट ने मैनुअल सर्वे किया है।
उधर, लंबे समय से ट्रांसपोर्ट नगर योजना पर कोई पहल नहीं होने पर प्रदेश सरकार ने इस योजना का स्थाई हल ढूंढने के लिए जिला प्रशासन को जिम्मेदारी सौंपी है। तैयारी यह भी है कि अब योजना के तहत और जमीन नहीं ली जाएगी।
जितनी जमीन विकास प्राधिकरण को मिली है उतनी ही जमीन पर वह अपने योजना को आकार दिया जाएग। चूंकि करीब 80 करोड़ रुपया मुआवजा देने के बाद लम्बे समय से यह योजना अधर में अटकी है। यहां भी ड्रोन से सर्वे करके खरीदे गए जमीन की असल स्थिति देखी जाएगी। उसके बाद सरकार और प्रशासन के निर्णय के आधार पर आगे की प्लानिंग की जाएगी।
वीडीए वीसी राहुल पांडेय ने बताया कि सितंबर के पहले सप्ताह में ड्रोन सर्वे कराने की योजना है। इस इलाके का सर्वे करके आटो-केट के माध्यम से टाउन प्लानिंग स्कीम का खाका खिंचा जाएगा।