Varanasi News: होम्योपैथी मेडिकल काॅलेज का जल्द हो निर्माण, चिकित्सकों ने की मांग; हैनिमैन की मनाई जयंती
एलोपैथिक पद्धति को लेकर होम्योपैथी के चिकित्सकों ने अपने-अपने विचार रखे। इसके पहले उन्होंने सैमुएल हैनीमेन को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दाैरान चिकित्सकों को सम्मानित भी किया गया।
विस्तार
Hahnemann Day 2025: इमरजेंसी मामलों त्वरित इलाज के लिए एलोपैथिक पद्धति का भले ही इस्तेमाल करें लेकिन होम्योपैथी की दवाइयां गंभीर बीमारियों को हमेशा के लिए ठीक कर देती हैं। उक्त बातें गुरुवार को जिला न्यायाधीश किरण पाल सिंह ने व्यक्त किए। मौका था विश्व होम्योपैथी दिवस का, जिसका आयोजन पहड़िया स्थित होटल सुरभि में इंटरनेशनल में किया गया।
कार्यक्रम की थीम होम्योपैथी फॉर अ हेल्दर फ्यूचर-नेचुरल सेफ एंड इफेक्टिव रही। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला न्यायाधीश किरण पाल सिंह सहित वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आरके भाटिया, एचएमएआई के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. एसपी सिंह वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. ओपी श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से किया।
दी होम्योपैथी मेडिकल एसोसिएन ऑफ इंडिया के संयुक्त सचिव डॉ. अंबरीष कुमार राय ने माल्यार्पण कर अतिथियों का अभिनंदन किया। चिकित्सकों ने होम्योपैथ पद्धति पर खुलकर अपने विचार रखें। डॉ. अंबरीष ने कहा कि गड़सरा में बन रहे चिकित्सालय को शहर के बीच रखा जाना चाहिए तभी इसका लाभ आमजन को मिल सकेगा।
शहर के लगभग 20 किलोमीटर दूर होम्योपैथ के चिकित्सालय का निर्माण होना लाभदायक तो है लेकिन कष्टकारी भी होगा। उन्होंने चिकित्सकों से संगठित रहने की अपील की। कहा कि समस्याओं का समाधान मिलकर ही निकाला जा सकता है।
डॉ. प्रकाश चंद्रा ने सरकार से मांग की कि होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति को बढ़ावा दिया जाए। हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज खोला जाए। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जनपद न्यायाधीश (वाणिज्य) पारस नाथ राय ने कहा कि डॉ. हैनिमैन साधारण परिवार से थे लेकिन उनकी सोच काफी क्रांतिकारी और प्रभावित थी। विपरित परिस्थितियों में रहने के बावजूद उन्होंने समाज को एक नई दिशा दी।
कार्यक्रम को डॉ. एसपी सिंह, डॉ. विपिन बिहारी मिश्रा और डॉ. मधु गोस्वामी ने भी संबोधित किया। इसके बाद डॉ. पियूष पानी मिश्रा, डॉ. रजनीश सिंह, डॉ. विनीत कुमार पाठक, डॉ. आशुतोष चक्रवती, डॉ. मनोज कुमार गुप्ता, डॉ. अरुण कुमार सिंह, और डॉ. कमल द्विवेदी को ‘होम्योपैथी यूथ आइकन अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में डॉ. दिनेश मिश्रा, डॉ. पुष्पा तिवारी, डॉ. अमिताभ बटब्याल, डॉ. पुष्पराज वर्मा, डॉ. आरएन कुशवाहा, डॉ. रुद्रेश्वर त्रिपाठी, डॉ. प्रदीप कुमार गुप्ता और डॉ. राजकुमार यादव को ‘चिकित्सा गौरव सेवा सम्मान’ से सम्मानित किया गया। इस दौरान डॉ. विजय नारायण सिंह ने चिकित्सकों को सम्मानित किया। संचालन डॉ. वीके पांडेय एवं डॉ. पूजा गुप्ता ने किया। डॉ. डीके पांडेय ने सभी का आभार जताया।