Varanasi News: शिक्षक ज्यादा अवकाश ले रहे हैं तो पोर्टल से रिपोर्ट निकालकर करें समीक्षा, डीएम ने दिए निर्देश
बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा में आराजीलाइन और पिंडरा नगर क्षेत्र में काम संतोषजनक नहीं मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई। साथ ही उन्होंने कहा कि शिक्षक ज्यादा अवकाश ले रहे हैं तो पोर्टल से रिपोर्ट निकालकर समीक्षा करें।
विस्तार
डीएम सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक की गई। डीएम को बताया गया कि शिक्षक ज्यादा अवकाश ले रहे हैं। इस पर डीएम ने कहा कि शिक्षकों के अवकाश की रिपोर्ट को पोर्टल से निकालकर उसकी समीक्षा की जाए। यह भी जांचा जाए कि अवकाश सक्षम स्तर से लिया गया है कि नहीं। उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिए कि सभी दिव्यांग बच्चों के प्रमाणपत्र बनवाए जाएं। कैंप लगाएं और इसमें ज्यादा से ज्यादा बच्चों के प्रमाणपत्र बनें, यह सुनिश्चित करें।
बैठक में सबसे पहले गुणवत्तापरक शिक्षा की समीक्षा की गई। इसमें एआरपी की ओर से सपोर्टिंग सुपरविजन विकास क्षेत्र आराजीलाइन, पिंडरा और नगर क्षेत्र में कम पाए जाने पर नाराजगी जताई। खंड शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि नवंबर में शत प्रतिशत सपोर्टिंग सुपरविजन लक्ष्य के सापेक्ष कराएं। यदि रोस्टर के अनुसार कार्य दिवस में अवकाश रहता है तो उसको अगले दिवस को कराया जाए।
निपुण प्लस एप के माध्यम से छात्र-छात्राओं का असेसमेंट और निपुण पाए गए बच्चों की प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर सभी खंड शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया कि सभी विद्यालयों में पठन-पाठन पर फोकस किया जाए।
पोर्टल की तकनीकी कमियों को राज्य परियोजना कार्यालय लखनऊ से बात करके दूर कराएं। विकास क्षेत्र में सक्षम बच्चों की संख्या 80 फीसदी से ज्यादा होनी चाहिए। जिन बच्चों का आधार नहीं बना है, उसे तत्काल बनवाया जाए और जन्म प्रमाणपत्र बनवाने में यदि समस्या आती है तो संबंधित एसडीएम से संपर्क कर इसको दूर कराए। डीबीटी का कार्य नवंबर तक पूरा करें।
इसे भी पढ़ें; खत्म हुआ इंतजार: 28 साल बाद चंदौली के प्रवेश मार्ग पर होगा उजाला, लग रहे ‘त्रिशूल-डमरू’ वाले आकर्षक पोल
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में बालिकाओं की सुरक्षा के लिए बाउंड्री को ऊंची कराएं। कहा कि वाराणसी के सभी विकास क्षेत्र को निपुण विकास क्षेत्र घोषित कराया जाना है। इसलिए बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दिया जाए और सभी विद्यालय यह सुनिश्चित करें कि उनके 80 फीसदी से अधिक बच्चे निपुण घोषित हों जिससे निपुण ब्लॉक घोषित हो सके।