Varanasi News: मुहर्रम पर रात 10 बजे के बाद नहीं बजेंगे डीजे, मुंबई के लिए कल स्पाइस जेट की अंतिम फ्लाइट
डीजे संचालकों के साथ बैठक कर डीसीपी गोमती जोन ने जरूरी निर्देश दिए। डीजे संचालकों को सख्त निर्देश दिया गया कि मुहर्रम जुलूस के दौरान शांति व्यवस्था कायम रहे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुहर्रम को शांतिपूर्ण और सुरक्षित कराने के उद्देश्य से डीसीपी गोमती जोन ने मंगलवार को जंसा के रामेश्वरम में डीजे संचालकों के साथ बैठक की। डीजे संचालकों को सख्त निर्देश दिया गया कि शांति व्यवस्था कायम रहे। एसीपी पिंडरा प्रतीक कुमार ने कहा कि डीजे का संचालन केवल सक्षम प्राधिकारी से अनुमति और निर्धारित शर्तों के अनुरूप ही किया जाए। बिना अनुमति या शर्तों के उल्लंघन पर कानूनी कार्रवाई होगी। ध्वनि प्रदूषण नियमों का पालन करते हुए डीजे की आवाज निर्धारित मानकों के भीतर रखनी होगी। रात 10 बजे के बाद डीजे और लाउडस्पीकर का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। किसी भी प्रकार के अश्लील, भड़काऊ या सांप्रदायिक गीत-नारों का प्रसारण नहीं किया जाएगा।
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से बृहस्पतिवार को मुंबई के लिए स्पाइस जेट का विमान अंतिम बार उड़ान भरेगा। इसके बाद विमानन कंपनी का कोई विमान वाराणसी एयरपोर्ट से उड़ान नहीं भरेगा। एविएशन टरबाइन फ्यूल (एटीएफ) की आसमान छूती कीमतों, बढ़ती परिचालन लागत और यात्रियों की घटती संख्या की वजह से एयरलाइंस ने पहले ही 12 उड़ानें रद्द कर दी थीं। अब 13वीं उड़ान सेवा रद्द की गई है। वर्तमान में स्पाइसजेट केवल मुंबई-वाराणसी और वाराणसी-मुंबई सेक्टर पर अपनी सेवा दे रही है। इससे पहले स्पाइसजेट की दिल्ली, पुणे और मुंबई सहित कई प्रमुख शहरों के लिए उड़ानें थीं। लेकिन लगातार बढ़ते खर्च और सीमित मांग के कारण एक-एक करके सेवाएं बंद होती चली गईं। एयरपोर्ट और विमानन कंपनी के अधिकारियों के अनुसार विमान ईंधन की कीमतों में अप्रत्याशित वृद्धि ने एयरलाइंस की आर्थिक स्थिति पर दबाव बढ़ा दिया। दो महीने में रिकॉर्ड वृद्धि से परिचालन खर्च कई गुना बढ़ गया। बृहस्पतिवार को वाराणसी एयरपोर्ट से स्पाइस जेट की एसजी 506 मुंबई के लिए शाम 5:25 बजे अंतिम उड़ान भरेगी।
बनारस रेलवे स्टेशन से मुंबई तक चलने वाली महानगरी एक्सप्रेस के कैंट रेलवे स्टेशन पर पांच मिनट के ठहराव की मंजूरी रेलवे बोर्ड ने दे दी है। हालांकि, अब तक इसका समय निर्धारित नहीं हुआ है। मुंबई तक चलने वाली ट्रेन नंबर 22177/22178 महानगरी एक्सप्रेस पहले कैंट स्टेशन से चलती थी। इसी साल 22 मार्च से इस ट्रेन को बनारस रेलवे स्टेशन से चलाया जा रहा है। अभी ट्रेन रोजाना सुबह 9.35 बजे बनारस स्टेशन से चलती है। इसके बाद ट्रेन 9.50 बजे कैंट स्टेशन पर बिना रुके आगे बढ़ जाती है। इसका अगला स्टाॅपेज काशी स्टेशन पर सुबह 10.03 बजे है। पिछले दिनों निरीक्षण पर आए उत्तर रेलवे के डीआरएम एसके वर्मा ने जल्द ही ट्रेन के कैंट स्टेशन पर रुकने की बात कही थी। इसके बाद बोर्ड ने मंजूरी दी।