Muharram: वाराणसी में मुहर्रम जुलूस के दौरान दो गुटों में विवाद, पुलिस ने किया हल्का बल प्रयोग; वीडियो वायरल
Varanasi News: वाराणसी के नई सड़क-औरंगाबाद मार्ग पर मुहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान दो गुटों में विवाद हो गया। भीड़ बढ़ने पर पुलिस ने आयोजकों और मानिंद लोगों के सहयोग से स्थिति संभाली तथा हल्का बल प्रयोग कर लोगों को तितर-बितर किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
Varanasi News: मुहर्रम के अवसर पर शनिवार को नई सड़क-औरंगाबाद मार्ग पर निकाले जा रहे एक ताजिया जुलूस के दौरान दो गुटों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मौके पर हजारों की संख्या में लोग जुट गए, जिससे कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। मामला चेतगंज और लक्सा थाना क्षेत्र की सीमा का होने के कारण दोनों थानों की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर जुलूस के आयोजकों और समुदाय के मानिंद लोगों ने आगे आकर दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने भी लोगों से संयम बनाए रखने और जुलूस को शांतिपूर्वक आगे बढ़ाने की अपील की। हालांकि कुछ लोग हंगामा करते रहे, जिसके चलते भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
पुलिस ने विवाद कर रहे लोगों को मौके से हटाया और भीड़ को तितर-बितर किया। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई और ताजिया जुलूस अपने निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ गया। घटना के दौरान किसी गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
इस बीच, घटनास्थल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिस कुछ लोगों को हटाते और हल्का बल प्रयोग करती दिखाई दे रही है। वीडियो वायरल होने के बाद घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे तथा हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने जुलूस आयोजकों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। पुलिस का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। यदि किसी ने कानून-व्यवस्था भंग करने का प्रयास किया है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद नई सड़क-औरंगाबाद मार्ग पर कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सामान्य करा दिया। पूरे क्षेत्र में एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि मुहर्रम के अन्य कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकें।