Varanasi News: SIR में नहीं किया सहयोग...चोलापुर में 32 सफाईकर्मियों पर कार्रवाई; एक दिन का वेतन रोका
वाराणसी में जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दाैरानप गणना प्रपत्रों का वितरण कार्य, उसकी वापसी और डिजिटाइजेशन के कार्यों को देखा। क्षेत्र के सुपरवाइजर और बीएलओ से प्रगति की के बारे में जानकारी ली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एसआईआर कार्य में सहयोग न करने पर 32 सफाईकर्मियों पर कार्रवाई की गई। इन पर आरोप है कि एसआईआर फॉर्म भरवाने जैसे महत्वपूर्ण कार्य में इन्होंने सहयोग नहीं किया और बिना किसी सूचना के कार्यक्षेत्र से अनुपस्थित रहे। इस पर चौबेपुर बाजार के 17 और चोलापुर ब्लॉक के 15 सफाईकर्मियों का एक दिन का वेतन रोका गया। यह कार्रवाई सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) चोलापुर की ओर से की गई।
सहायक विकास अधिकारी की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि 25 नवंबर को एसडीएम के मौखिक निर्देश पर सभी सफाईकर्मियों को फोन कर कई बार बुलाया गया। इसके बावजूद कई कर्मचारी न तो उपस्थित हुए और न ही उन्होंने किसी प्रकार की सूचना दी।
इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए सभी 32 सफाईकर्मियों का 26 नवंबर का एक दिन का वेतन रोक दिया गया। उधर, चिरईगांव ब्लॉक सभागार में एसआईआर फार्मों के कलेक्शन की प्रगति की समीक्षा बीडीओ छोटे लाल तिवारी ने की। इसके पूर्व कमौली, सीवों, गौराकला आदि गांवों का निरीक्षण किया।
पाया कि अब तक वितरित किए गए कुल फॉर्म में से 70 प्रतिशत फाॅर्म का कलेक्शन किया जा चुका है। 50 प्रतिशत को संबंधित सिस्टम पर फीड भी किया जा चुका है। कहा कि आगामी दो दिनों के भीतर शत-प्रतिशत फॉर्म कलेक्शन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
वोटर कार्ड के बाद भी सूची में नाम नहीं
मतदाता पहचान पत्र होने के बाद भी कई लोगों का नाम मतदाता सूची में नहीं है। इस प्रकार की समस्याएं बीएलओ से लेकर जिला निर्वाचन कार्यालय तक आ रही है। जिले में 31.52 लाख मतदाताओं का एसआईआर फाॅर्म का डाटा फीड किया जाना है।
त्रुटिरहित मतदाता सूची के लिए भरे जा रहे एसआईआर फाॅर्म : डीएम
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पंचक्रोशी मार्ग सारंग तालाब के आसपास क्षेत्रों में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि त्रुटिरहित मतदाता सूची के लिए एसआईआर फाॅर्म भरे जा रहे हैं।
उन्होंने आसपास के लोगों से गणना प्रपत्र के मिलने और फॉर्म भरकर जमा करने के बारे में पूछा। लोगों से कहा कि यह अभियान भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाया जा रहा है। जिसका उद्देश्य त्रुटिरहित और अद्यतन मतदाता सूची तैयार करना है।
एसआईआर फॉर्म भरने की प्रक्रिया में बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं। आप सभी मतदाता गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ को जमा कर सकते हैं। जनता से अपील की कि वे अपने गणना प्रपत्र जल्द से जल्द जमा कर दें। उन्होंने कार्मिकों से कहा कि फॉर्म भरने और उसे जमा करने के साथ ही तकनीकी प्रक्रियाओं के प्रत्येक चरण में सावधानी बरतें। सूची मिलान भी सही तरीके से करें।
एसआईआर फाॅर्म भरने के लिए मुस्लिम महिलाओं ने निकाली रैली
एसआईआर फाॅर्म भरवाने के लिए मुस्लिम महिलाओं ने भाजपा नेता हुमा बानो के नेतृत्व में मदनपुरा, जंगमबाड़ी और रेवड़ी तालाब क्षेत्र में रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया। उन्होंने हिजाब पहनी महिलाओं ने लोगों को फार्म भरने के लिए जागरूक किया। क्षेत्रवासियों को फॉर्म की विशेषताएं और महत्व के बारे में बताया। फॉर्म भरने का सही तरीका भी बताया। घर घर जाकर लोगों को फाॅर्म भरने के लिए प्रेरित किया। कैंप व रैली के माध्यम से लोगों को जागरूक कर फाॅर्म भरने व जमा करने में मदद भी की गई। इस अवसर पर खुर्शीद बानो, फरहत जहां, साजिया बेगम, नरगिस, डाॅ. गुफरान जावेद, शमशाद, सुफियान, आजम व आदिल मौजूद रहे।
राजनीतिक दलों की मांग, बढ़ाई जाए एसआईआर फाॅर्म जमा करने की तारीख
कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, सीपीएम, सीपीआई, राजद की एक बैठक कांग्रेस कार्यालय लहुराबीर में बृहस्पतिवार को हुई। इसमें सभी पार्टियों ने एसआईआर फाॅर्म जमा करने की तिथि बढ़ाने की मांग की। कहा कि इसकी अंतिम तारीख कम से कम छह महीने तक बढ़ाई जानी चाहिए ताकि सबके फॉर्म भरे जा सकें।
उन्होंने कहा कि एसआईआर जिस तरह से जल्दबाजी और आधी अधूरी तैयारी के साथ कराया जा रहा है, उससे निश्चित है कि बहुत सारे लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल होने से रह जाए। एसआईआर के बारे में चुनाव कार्यालय में जानकारी का अभाव है। बीएलओ को ट्रेनिंग भी नहीं दी गई। विधानसभा चुनाव 2027 में होने वाला है इसलिए भी जल्दबाजी का कोई औचित्य नहीं है।
नेताओं ने मांग की कि 2003 और 2025 की मतदाता सूची हर बीएलओ को दी जाए ताकि वह घर-घर जाकर प्रत्येक मतदाता को संतुष्ट कर उसका फॉर्म भर सकें। बैठक में तय किया गया कि शुक्रवार को जिलाधिकारी को इस संबंध में ज्ञापन दिया जाएगा। बैठक में डॉ. हीरालाल यादव, राघवेंद्र चौबे, आनंद मौर्य, नंदलाल पटेल, सुरेंद्र यादव, अजय मुखर्जी, फसाहत हुसैन, डॉ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह आदि मौजूद रहे।
बीएलओ सिर्फ ऊपर का कालम भरवाकर ले रहे एसआईआर फार्म: सपा
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत बृहस्पतिवार को मुकीमगंज स्थित भरत सरदार के बाड़ा में सपा की बैठक हुई। अध्यक्षता कर रहे समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश महासचिव किशन दीक्षित ने कहा कि बड़ी संख्या में शिकायत मिल रही है कि एसआईआर फाॅर्म भरते समय बीएलओ सिर्फ एक ऊपर के काॅलम को भरवा रहे हैं। फाॅर्म में नीचे के काॅलम को बिना भरे ही जमा किया जा रहा है। इससे फाॅर्म निरस्त हो जाएगा और कई लोगों के नाम मतदाता सूची में नाम नहीं हो सकेंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ऐसे ही मतदाता सूची में नाम काटने का षड्यंत्र रच रही है। हम सभी को गंभीरतापूर्वक एसआईआर फाॅर्म को समझकर भरना होगा। उन्होंने कहा कि बूथ पर पार्टी के बीएलए तैयार हो गए हैं। हर वार्ड में शिक्षित कार्यकर्ता लैपटॉप से लैस होकर एसआईआर फार्म भरने के समय बीएलओ का सहयोग करेंगे। त्रुटि फाॅर्म की गहन समीक्षा कर सही तरीके से भरवाने में मदद करेंगे। सपा नेता विष्णु शर्मा, पूर्व पार्षद मनोज यादव, मेवा यादव, अशोक यादव नायक, मोहन यादव आदि मौजूद रहे।