देवोत्थान एकादशी: सहालग में होंगी 2200 शादियां, 600 करोड़ के पार होगा कारोबार; कल से घरों में बजेगी शहनाई
कल से घरों में शहनाई बजेगी। लगन को लेकर मैरिज लॉन, बैंक्वेट हॉल और होटल फुल हो गए हैं। इस बार 20 नवंबर से 15 दिसंबर के बीच विवाह के मुहूर्त हैं।
विस्तार
कारोबारियों के मुताबिक, 20 नवंबर से 15 दिसंबर के बीच शादी-ब्याह इस सीजन से 600 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार होगा।वाराणसी टेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता बताते हैं कि सहालग के लिए शहर के भीतर स्थित सभी मैरिज लॉन, बैंक्वेट हॉल और होटल पहले ही फुल हो चुके हैं।
स्थिति यह है कि अब लोगों को मांगलिक कार्यक्रमों के लिए शहर की सीमा से 10 किलोमीटर दूर ग्रामीण और बाहरी इलाकों में भी लॉन या गेस्ट हाउस में जगह नहीं मिल पा रही है। लॉन संचालक वीरेंद्र पटेल बताते हैं कि जिन परिवारों ने पहले से बुकिंग नहीं कराई थी, उन्हें वैवाहिक आयोजन स्थल तलाशने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
सराफा, ऑटोमोबाइल और कैटरिंग सेक्टर में बंपर उछाल
वैवाहिक सीजन के चलते शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में खरीदारी तेज हो गई है। इस 600 करोड़ रुपये के कारोबार में सबसे बड़ी हिस्सेदारी सराफा, कपड़ा, इलेक्ट्रॉनिक्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की रहने वाली है। उदय बजाज ऑटो के डीलर यूआर सिंह के मुताबिक, गहनों और परिधानों के साथ-साथ उपहार में देने के लिए दोपहिया और चार पहिया वाहनों की एडवांस बुकिंग में भी बढ़ोतरी हुई है। शो रूम पर रेट और ऑफर्स पूछने के लिए दिन भर फोन बज रहे हैं। इसके अलावा कैटरिंग, टेंट, लाइटिंग, बैंड-बाजा और फ्लावर डेकोरेशन से जुड़े कारोबारियों के पास भी काम की भरमार है।
दोपहर 2.25 बजे से पहले होगा तुलसी पूजन
काशी के ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, देवोत्थान (प्रबोधिनी) एकादशी से काशी सहित पूरे पूर्वांचल में वैवाहिक आयोजनों की शुरुआत होने जा रही है। इस दिन से विवाह, मुंडन, गृह प्रवेश और यज्ञोपवीत जैसे सभी मांगलिक व शुभ कार्यों के द्वार खुल जाएंगे। बीएचयू के ज्योतिष विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. विनय पांडेय ने बताया कि 20 नवंबर को देवोत्थान एकादशी पर पारंपरिक रूप से तुलसी विवाह का अनुष्ठान संपन्न कराया जाएगा। हालांकि पूजन के समय का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है। दोपहर 2:25 बजे से भद्रा लग रहा है, धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भद्रा काल से पूर्व ही पूजन संपन्न करना शास्त्रसम्मत और मंगलकारी रहेगा। वहीं, व्रत के समापन को लेकर उन्होंने बताया कि अगले दिन पारणा को लेकर पंचांगों में कोई मतभेद नहीं है।
