UP: 33 हजार केवी के बिजली टावर पर चढ़ा सिरफिरा, नाबालिग लड़की से बात कराने की जिद; पुलिस ने ऐसे नीचे उतारा
Ballia News: इस मामले के बाबत पुलिस अफसरों का कहना है कि पूरे प्रकरण की पड़ताल कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे इलाके में इस हाई वोल्टेज ड्रामे की चर्चा होती रही और लोग इसे लेकर तरह-तरह की बातें करते नजर आए।
विस्तार
UP News: बांसडीह/घोघा क्षेत्र के कोतवाली अंतर्गत देवडीह गांव में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक लड़की से बात कराने की मांग को लेकर 33 हजार केवी के बिजली टावर पर चढ़ गया। युवक बार-बार नीचे खड़े लोगों को धमकी देता रहा कि यदि उसकी बात नहीं कराई गई तो वह जान दे देगा। इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
युवक की पहचान देवडीह निवासी मिथुन राजभर पुत्र रामजी राजभर के रूप में हुई। जानकारी के अनुसार वह एक नाबालिग लड़की से बात कराने की जिद पर अड़ा था। काफी ऊंचाई पर चढ़े युवक को देखकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। किसी भी अनहोनी की आशंका को देखते हुए तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने की कार्रवाई
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह और उपनिरीक्षक अनूप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पहले युवक को समझाने और शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ा रहा और नीचे उतरने से इनकार कर दिया। करीब दो घंटे तक यह हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सूझबूझ से काम लिया। अधिकारियों ने युवक को भरोसा दिलाया कि उसकी बात सुनी जाएगी और उसकी मांग पर विचार किया जाएगा। इसके बाद धीरे-धीरे समझाइश के जरिए उसे नीचे उतरने के लिए राजी किया गया। अंततः युवक सुरक्षित नीचे उतर आया, जिसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। नीचे उतरते ही पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।