वाराणसी में डेंगू का कहर: नौ महीने में 27 गुना मरीज बढ़े, अस्पतालों में वायरल फीवर के 87 मरीज भर्ती
पिछले साल डेंगू के केवल चार मरीज मिले थे। जबकि इस साल इस साल 108 की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। वहीं, अब तक 1413 संदिग्ध मरीज मिल चुके हैं।
विस्तार
वाराणसी में डेंगू का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। हालत यह है कि शहर के बीच इलाकों के साथ ही ग्रामीण इलाकों में भी हर दिन नए मरीज मिलने लगे हैं। पिछले साल जहां केवल चार डेंगू के मरीज मिले थे, वहीं इस साल नौ महीने में 27 गुना मरीज बढ़ गए हैं। अब तक जिले में जहां 108 पुष्ट रोगी मिल चुके हैं। वहीं 1413 संदिग्ध मरीज भी मिले हैं। इधर दीनदयाल अस्पताल को भी डेंगू मरीजों के लिए रिजर्व कराया गया, जहां सोमवार को दो मरीज भर्ती किए गए हैं।
शहर में लंका, भगवानपुर, छित्तूपुर, सामनेघाट, सिगरा, पांडेयपुर आदि कई ऐसी जगह हैं, जहां लगातार नए मरीज मिल रहे हैं। यहीं कारण है कि यहां नगर निगम के साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीम भी अधिक सक्रिय है। फॉगिंग कराए जाने के साथ ही यहां हर रोज दवा का छिड़काव कराया जा रहा है।
चलाया गया अभियान
इसके साथ ही जिला मलेरिया अधिकारी एससी पांडेय के निर्देशन में घरों में अभियान चलाकर जहां डेंगू का लार्वा मिल रहा है, उसे नष्ट कराया जा रहा है। हालांकि सोमवार को डेंगू का कोई पुष्ट रोगी तो नहीं मिला लेकिन मलेरिया विभाग की टीम ने शहर में सामनेघाट, महेशनगर, भदैनी, लहरतारा के साथ ही बढ़ैनी, सरैया, पिंडरा आदि जगहों पर 230 घरों में अभियान चलाया, जिसमें तीन घरों में डेंगू का लार्वा मिलने पर नोटिस जारी की गई।
अस्पतालों में वायरल फीवर के 87 मरीज भर्ती
जिले में वायरल फीवर(सर्दी, खांसी, बुखार, पेट संबंधी बीमारी आदि) के मरीज भी दिन प्रतिदिन बढ़ते जा रहे है। सरकारी अस्पतालों के साथ ही निजी अस्पतालों में भी मरीजों का इलाज चल रहा है। सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि इस समय जिले में वायरल फीवर के कुल 87 मरीज भर्ती है। मरीजों की सुविधा के लिए दीनदयाल अस्पताल में ही डेंगू के साथ ही वायरल फीवर वाले मरीजों को भी भर्ती कराया जा रहा है। चिकित्सकों की टीम सभी की निगरानी की जा रही है।