कर्ज में डूबा युवक गंगा में कूदा, तीसरे दिन मिला शव, कूदने से पहले बनाया था वीडियो
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में वीडियो बनाकर गंगा में कूदने वाले युवक का शव बुधवार को बरामद हो गया है। जिले के कटरा कोतवाली क्षेत्र के शास्त्री पुल से सोमवार की दोपहर युवक ने वीडियो बनाने के बाद गंगा में छलांग लगाई थी।
युवक का शव बुधवार की सुबह कछवा थाना क्षेत्र के बरैनी घाट के किनारे मिला है। पुलिस ने गंगा से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आजमगढ़ के सरायमीर निवासी पंकज सेठ पुत्र गणेश सेठ का नगर के घंटाघर में ननिहाल है। वह 10 दिन पहले अपने ननिहाल आया था। सोमवार की दोपहर घर जाते समय वह शास्त्री पुल पर रुका। बाद में उसने मोबाइल से खुद का और गंगा नदी का वीडियो बनाया। इसके बाद अपना सारा सामान बैग में रख दिया और बैग बाइक पर रखकर गंगा में कूद गया।
स्थानीय लोगों ने उसे गंगा में कूदते देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उसकी पहचान करा कर परिजनों को सूचना देने के साथ ही उसकी खोजबीन शुरू कर दी। उसका पता नहीं चला। मंगलवार को उसका मोबाइल से बनाया गया वीडियो वायरल होने लगा।
बुधवार की सुबह उसका शव कछवा के बरैनी घाट के किनारे मिला। कटरा कोतवाल रमेश यादव ने बताया कि परिजनों से पूछताछ से पता चला था कि वह कर्ज में डूबा था। इसलिए आत्महत्या कर ली।