वाराणसी: रेलवे विभाग की महिला कर्मचारी का संदिग्ध परिस्थिति में मिला शव
वाराणसी में रेलवे विभाग की कर्मचारी की सोमवार को संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। महिला का बाथरूम में शव मिला था। मृतका धनबाद(झारखंड) की रहने वाली थी।
पूछताछ में पता चला है कि महिला को अस्थमा की बीमारी थी। तबीयत भी खराब चल रही है। फिलहाल पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है।
धनबाद की रहने वाली रोमा कुमारी(35) वाराणसी में रेलवे विभाग में लगभग डेढ़ माह से नौकरी कर रही थी। वह यहां सिंह मेडिकल के पीछे चर्च कंपाउंड में किराये पर रहती थी। सोमवार को दोपहर 12 बजे तक जब वह बाहर नहीं निकली तो मकान मालिक ने संदेह के आधार पर जाकर देखा।
रोमा का बाथरूम में शव पड़ा हुआ था। सूचना पर सिगरा पुलिस पहुंची। प्रारंभिक तौर पर अस्थमा के अटैक से मृत्यु की आशंका है। सिगरा इंस्पेक्टर आशुतोष ओझा ने बताया कि मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। महिला के पति और परिवार वालों को सूचना दी गई है। महिला के पति भी सोनपुर में रेलवे में कार्यरत बताए जा रहे हैं।