Good News: ए प्लस नैक ग्रेड हासिल करने वाला UP का इकलौता कॉलेज बना बनारस का डीएवी, लगातार दूसरी बार
वाराणसी स्थित डीएवी पीजी कॉलेज यूपी में ए प्लस नैक ग्रेड हासिल करने वाला इकलौता महाविद्यालय बन गया है। मूल्यांकन में नैक के 16 पैरामीटर में 5 में से 4 अंक मिले हैं। शेष पांच पैरामीटर में पांच में से तीन अंक मिले।
विस्तार
वाराणसी स्थित डीएवी पीजी कॉलेज उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक बार फिर से अपनी श्रेष्ठता सिद्ध करने में सफल रहा। राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) ने डीएवी को दूसरी बार ए प्लस की ग्रेडिंग दी है। डीएवी प्रदेश में ए प्लस नैक ग्रेड हासिल करने वाला इकलौता महाविद्यालय बन गया है।
पूर्व प्राचार्य प्रो. सत्यदेव सिंह ने बुधवार को बताया कि पिछले चक्र से ज्यादा अंक हासिल कर हमने तीसरे चक्र में ए प्लस की प्रतिष्ठित ग्रेडिंग को बरकरार रखा है। मूल्यांकन में नैक के 16 पैरामीटर में 5 में से चार अंक मिले हैं। शेष पांच पैरामीटर में पांच में से तीन अंक मिले।
नैक के सदस्य इन सुविधाओं से हुए प्रभावित
प्रो. सिंह ने बताया कि नैक की रिपोर्ट में फैकल्टी की प्रभावी पाठ्यक्रम गतिविधियां, विभागीय स्तर पर बने विभिन्न फोरम, स्मार्ट क्लास के साथ-साथ समय पर होने वाले ओरिएंटेशन कार्यक्रमों की सराहना की गई है। साथ ही शिक्षा में नवाचार को लेकर प्रैक्टिकल लैब जिसमें कॉमर्स, इकोनॉमिक्स, साइकोलॉजी, पुरातत्व, कंप्यूटर एवं अंग्रेजी विषयों के लैब छात्रों के लिए काफी उपयोगी हैं।
ये भी पढ़ें: काशी विश्वनाथ की मंगला आरती का बेच रहे थे फर्जी टिकट, बुकिंग कर्मचारी सहित तीन लोग पकड़े गए
लाइब्रेरी, ई-लाइब्रेरी एवं उच्च संसाधन वाले जिम से युक्त इंडोर स्टेडियम हो या छात्रों की सहूलियत के लिए बने मीडिया सेंटर एवं यू ट्यूब पर महाविद्यालय की सक्रियता, इन सबसे नैक के सदस्य प्रभावित थे। रिपोर्ट में हरे भरे परिसर, सोलर एनर्जी पर बढ़ती निर्भरता की भी प्रशंसा की गई है। एनएसएस एवं एनसीसी में छात्रों के कार्यों की भी सराहना मिली है। हालांकि नैक ने कुछ बिंदुओं पर प्रश्नचिन्ह भी लगाया है। जिसमें विद्यार्थी की तुलना में अध्यापकों के अनुपात में कमी, खेलकूद में राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा में भागीदारी एवं छात्रावास जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
कॉलेज में हर्ष का माहौल
नैक मूल्यांकन का परिणाम आते ही महाविद्यालय में हर्ष का माहौल है। शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने पूर्व प्राचार्य प्रो. सत्यदेव सिंह के कुशल नेतृत्व एवं दूरदर्शी सोच को देते हुए बधाई दी। तीन सदस्यीय टीम ने भी डीएवी के अकादमिक एवं प्रशासनिक प्रबंधन की तारीफ कर अन्य शिक्षण संस्थाओं को अनुकरण की सलाह दी थी। प्रो. सत्यदेव सिंह ने शिक्षकों, कर्मचारियों की मेहनत एवं प्रबंधन के सहयोग का आभार जताया। इस दौरान प्रबंधक अजीत कुमार सिंह, प्रो. सत्यगोपाल, डॉ. पीके सेन, प्रो. समीर कुमार पाठक एवं डॉ. पारुल जैन मौजूद रहे।