Sports News: दिव्यांग खेलकूद...डिस्क थ्रो और शॉटपुट में सुबोध को स्वर्ण, 100 मीटर दौड़ में आरजू पहले स्थान पर
Varanasi News: वाराणसी में आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। जिले के बाहर जाकर भी खिलाड़ी खेलों में हिस्सा ले रहे हैं। सांसद खेलकूद प्रतियोगिता के तहत कई आयोजन हुए।
विस्तार
दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग और यूपी दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से हुए पारंपरिक खेलों में ढाई सौ दिव्यांग खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। पुरुष वर्ग के शॉटपुट में जय कुमार वहीं महिला वर्ग में पूनम पहले स्थान पर रहीं। स्टैंडिंग जंप में शिव यादव और व्हीलचेयर रेस में राहुल ने स्वर्ण पदक जीता। 50 मीटर दौड़ पुरुष वर्ग में दिव्यांशु और महिला वर्ग में मानसी ने पहला स्थान हासिल किया।
100 मीटर दौड़ के पुरुष वर्ग में अहमद पहले स्थान पर रहें। श्रवण बाधित खिलाड़ियों की दौड़ में किशन और चेस प्रतियोगिता में राहुल पहले स्थान पर रहे। शतरंज में पंकज ने छह चक्र में विजेता बने। प्रथम श्रेणी दिव्यांगों की लंबी कूद में हाथों से छलांग लगाकर प्रदीप राजभर विजेता बने। द्वितीय श्रेणी पैरों से दिव्यांग पवन राम जीते। कबड्डी में 16 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
विजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर दिव्यांग पीठाधीश्वर कृपानंद ने पुरस्कृत किया। संचालन दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव व राज्य सलाहकार बोर्ड के सदस्य डॉ. संजय चौरसिया और धन्यवाद ज्ञापन दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. उत्तम ओझा ने दिया। इस मौके पर सुधा त्रिपाठी, डॉ. संतोष पांडेय, डॉ. मनोज तिवारी, प्रदीप सोनी मौजूद रहे।
तीन दिन में 2 कोर्ट पर होंगे हैंडबॉल के 26 मुकाबले
यूपी हैंडबॉल एसोसिएशन की ओर से तीन दिवसीय श्याम नारायण पांडेय स्मृति सीनियर वर्ग हैंडबॉल प्रतियोगिता लोहता केराकतपुर में होगी। इसमें देश के 11 राज्यों की टीमें हिस्सा लेंगी। तीन दिनों में दो कोर्ट पर 26 मुकाबले होंगे। यूपी हैंडबॉल एसोसिएशन के कार्यकारी महासचिव अमित पांडेय ने बताया कि यह प्रतियोगिता 16 से 19 नवंबर तक होगी। इसमें खेलने के लिए अलग-अलग प्रदेशों की टीमें 16 नवंबर से आएंगी।
लालपुर में होगा मंडलीय हैंडबॉल टीम का ट्रायल
खेल विभाग और यूपी हैंडबॉल संघ की ओर से समन्वय प्रादेशिक सब जूनियर बालक वर्ग की हैंडबॉल प्रतियोगिता अमेठी में 21 से 25 नंवबर तक होगी। बालिका जूनियर वर्ग की प्रतियोगिता अयोध्या में 29 नवंबर से 2 दिसंबर तक होगी। आरएसओ विमला सिंह ने बताया कि इसमें खेलने के लिए वाराणसी जिले और मंडल की टीम का चयन ट्रायल लालपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में 18 नवंबर को होगा। इच्छुक खिलाड़ी अपने स्कूल के प्रधानाचार्य से प्रमाणित प्रति और आधार कार्ड की छाया प्रति के साथ हिस्सा ले सकते हैं।
खेलकूद में छात्राओं ने लहराया परचम
जीवन ज्योति दिव्यांगतार्थ संस्थान में शनिवार को समावेशित खेलकूद प्रतियोगिता हुई। इसमें दिव्यांग छात्राओं सहित सामान्य छात्राओं ने बेहतरीन प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया। जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि खेलकूद से स्वस्थ शरीर के साथ स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है। प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने से उनमें निर्णय लेने की क्षमता का विकास होता है। इसके बाद विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर सिस्टर श्वेता, सिस्टर मोनिका, हिमांशु श्रीवास्तव, मुकेश श्रीवास्तव मौजूद रहे।
मुस्कान के 4 गोल से वाराणसी सेमीफाइनल में
नगर के बलिया मोड़ के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम मऊ में प्रदेश स्तरीय समन्वय सब जूनियर बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता के छठवें दिन शनिवार को क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए। इसमें फॉर्वर्ड खिलाड़ी मुस्कान के हैट्रिक सहित चार गोल से वाराणसी की टीम सेमीफाइनल में पहुंची। वहीं अनन्या इसमें अनन्या ने 2 गोल किए।
दिन का दूसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबला वाराणसी और अलीगढ़ मंडल के बीच खेला गया। इसमें वाराणसी टीम की मुस्कान के चार और अनन्या के दो गोल की बदौलत टीम ने मुकाबला 6-0 से जीत सेमीफाइनल में जगह बनाई। इस मौके पर मो. आरिफ नजमी, प्रतियोगिता ऑबजर्वर फुटबॉल संघ, हाजी मुन्नवर अली, सचिव जिला फुटबॉल संघ मऊ, ओमेंद्र सिंह माैजूद रहे।
क्वार्टर फाइनल में वाराणसी ने मेरठ को हराया
मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में शनिवार को राज्य स्तरीय समन्वय सीनियर पुरुष हैंडबॉल प्रतियोगिता में छह मैच हुए। दिन के दूसरे क्वार्टर फाइनल में वाराणसी ने मेरठ को 16-12 से हराया। प्रतियोगिता में प्रेम प्रकाश सिंह, बृजेश्वर खरवार, नेहा पांडेय, अतुल, पंकज यादव ने निर्णायक की भूमिका निभाई। इस मौके पर क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी प्रेम कुमार, उप क्रीड़ाधिकारी देवी प्रसाद मौजूद रहे।
डीएवी पीजी कॉलेज बना अंतर संकाय शतरंज का विजेता
विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद की ओर से अंतर संकाय शतरंज प्रतियोगिता डाॅ. विभूति नारायण इंडोर हॉल में हुई। आयोजन सचिव प्रदीप खालखो ने बताया कि यह प्रतियोगिता चार चक्रों में खेली गई। इसमें सर्वाधिक अंक अर्जित तक डीएवी पीजी कॉलेज की टीम चैंपियन बनी। यह प्रतियोगिता 6 से 8 नवंबर तक हुई। टीम के कप्तान तनिष्क द्विवेदी के अलावा, स्वयम चतुर्वेदी, आकाश मौर्या और विभू दत्त ने मैच खेले। कप्तान तनिष्क द्विवेदी चार चक्र की बाजी में चार अंक हासिल कर शीर्ष पर रहे। टीम कोच विनीत राज तिवारी थे। इस मौके पर विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के महासचिव प्रो बीसी कापरी, सहायक निदेशक डॉ राजीव, डॉ वैभव राय मौजूद रहे।
राष्ट्रीय कराटे में शीतल ने जीता पदक
उत्तर क्षेत्र राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में हुई। इसमें वाराणसी के 18 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया जिसमें 13 ने पदक जीते। जिले की शीतल सिंह चौहान ने काता और कुमिते दोनों वर्गों में पदक हासिल किया।
जिला कराटे एसोसिएशन के सचिव दिलीप सैनी ने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने काता और कुमिते वर्ग में पदक जीत जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने बताया कि कुमिते में शीतल सिंह चौहान, खुशी यादव, श्रेयांशी सिंह ने स्वर्ण पदक जीते है। वहीं काता में शीतल सिंह चौहान, अमन शर्मा, आकाश कुमार, स्निग्धा सिंह, लावण्या सरकार, काशवी सिंह ने कांस्य पदक जीते।
10 और 11 नवंबर को विधायक खेल स्पर्धा
युवा कल्याण और प्रादेशिक विकास दल की ओर से अजगरा विधानसभा में विधायक खेल स्पर्धा 10 और 11 नवंबर को होगी। क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी रीना यादव ने बताया कि प्रतियोगिता एसबी सिंह स्पोर्ट्स एकेडमी, मुनारी में होगी। इसमें भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी को पोर्टल www.yuvasathi.in/sports-registration पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा।
उन्होंने बताया कि सब जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग की आठ स्पर्धाएं होगी। इसमें एथलेटिक्स, कुश्ती, कबड्डी, वॉलीबॉल, फुटबॉल, भारोत्तोलन, जूडो और बैडमिंटन शामिल है। इसमें अजगरा विधानसभा क्षेत्र के खिलाड़ी शामिल होंगे। इसका शुभारंभ अजगरा विधायक त्रिभुवन राम करेंगे। खिलाड़ी ऑनलाइन के अलावा ऑफलाइन मौके पर भी पंजीकरण करा सकते हैं।
दो दांत वाली घुड़दौड़ में चंदौली के घुड़सवार विशाल जीते
पुलवामा आतंकी हमले में बलिदान हुए रमेश यादव की स्मृति में शनिवार को तोफापुर में घुड़दौड़ प्रतियोगिता हुई। इसमें 70 घोड़ों ने दो किमी दूरी की दौड़ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। दो दांत वाली घुड़दौड़ में चंदौली के घुड़सवार विशाल ने पहला स्थान हासिल किया। दो दांत से अधिक वरिष्ठ वर्ग की प्रतियोगिता में चंदौली के ही बबलू पाठक ने विजेता बने।
इसमें गाजीपुर, आजमगढ़, चंदौली, जौनपुर और वाराणसी जिले के लगभग 70 से अधिक घोड़ों ने हिस्सा लिया। यह प्रतियोगिता दो वर्गों में हुई। छोटा चेतक की प्रतियोगिता में दो दांत वाले घोड़ों ने हिस्सा लिया जबकि वरिष्ठ वर्ग में दो से अधिक दांत वाले घोड़े शामिल हुए।
दोनों वर्गों में चंदौली के घुड़सवारों का दबदबा देखने को मिला। छोटा चेतक वर्ग में चंदौली के विशाल यादव का घोड़ा पहले, गाजीपुर के रुद्र प्रताप सिंह का घोड़ा दूसरे और वाराणसी के पारस यादव का घोड़ा तीसरे स्थान पर रहा। वरिष्ठ चेतक वर्ग में चंदौली के बबलू पाठक का घोड़े ने पहला, चंदौली के सोमारू यादव का घोड़े ने दूसरा और वाराणसी के गोरख यादव के घोड़े ने तीसरा स्थान हासिल किया।
विजेता घुड़सवारों को नकद पुरस्कार और शील्ड देकर सम्मानित किया गया। बड़ा चेतक वर्ग के विजेताओं को क्रमशः 5100, 3100 और 2100 रुपये, जबकि छोटा चेतन वर्ग के विजेताओं को 2000, 1500 और 1000 रुपये देकर सम्मानित किया गया। रेफरी की भूमिका संजय पहलवान ने निभाई।