दालमंडी चौड़ीकरण: मस्जिदों को तोड़ने के लिए खुद आगे आए मुस्लिम समाज के लोग, 54 मकान भी गिराए गए
Varanasi News: दालमंडी चौड़ीकरण की जद में आने वाली मस्जिदों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू हो गई है। बुधवार की सुबह भारी पुलिस बल की तैनाती और 13 स्थानों पर बैरिकेडिंग के साथ ही कार्रवाई शुरू की गई।
विस्तार
दालमंडी में बुधवार को पांच मस्जिदों और 54 मकानों पर ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया। शाम करीब पांच बजे तक हुई कार्रवाई में मस्जिदों के करीब 40 फीसदी हिस्से तोड़ दिए गए थे। मस्जिदों के हिस्से मजदूरों ने हथौड़ों से तोड़े, जबकि मकानों पर जेसीबी और पोकलेन मशीनें चलाई गईं। सुबह करीब 6:30 बजे डीआईजी शिवहरि मीणा के नेतृत्व में शुरू हुए इस अभियान की ड्रोन से निगरानी की गई और पूरे इलाके में पुलिस-पीएसी तैनात रही।
इस दौरान मुस्लिम समाज के लोग खुद ही मस्जिदों को तोड़ने की कार्रवाई में आगे आए। बांस बल्ली और टिन शेड लगाकर आवागमन बंद कर दिया गया था। कार्रवाई में चौड़ीकरण की जद में आ रहे हिस्सों को तोड़ा गया। इनमें निसारन की मस्जिद, रंगीले शाह की मस्जिद, अली रजा मस्जिद, संगमरमर मस्जिद और मस्जिद मिर्जा करीमुल्लाह बेग शामिल हैं।
प्रशासन मस्जिद कमेटी के साथ सुंदरीकरण के दौरान इन मस्जिदों की मरम्मत करवाएगा। बता दें कि चौड़ीकरण की जद में आ रही छह मजिस्दों में से पांच पर कार्रवाई शुरू की गई है। इन पांच मस्जिदों के प्रबंधन से बात कर सहमति बन गई थी। कार्रवाई के दौरान वह लोग मौके पर मौजूद भी थे।
दालमंडी चौड़ीकरण के तहत कुल 181 मकान पर कार्रवाई होनी है। इसमें अब तक प्रशासन की ओर से 105 मकानों को तोड़कर उनका मलबा साफ कराया जा चुका है। बुधवार को 54 मकान तोड़े गए हैं। कार्रवाई के दौरान पांच कंपनी पीएसी, एक कंपनी आरएएफ, 6 थाने और 12 चौकी के 250 पुलिसकर्मी मौजूद रहे। तीन ड्रोन टीम भी गलियों की निगरानी करती रही। पूर्व पार्षद शाहिद अली मुन्ना ने बताया कि कार्रवाई के दौरान लंगड़ा हाफिज मस्जिद में जो मोअज्जिन और मौलवी बैठे थे, सबके भोजन और पानी की व्यवस्था कराई गई थी। साथ ही पुलिसवालों के लिए भी पीने के लिए ठंडे पानी की व्यवस्था कराई गई।
पांच मस्जिदों के अलावा 54 भवन भी तोड़े गए हैं। पूरी कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चौकस रही। - अतुल अंजान, एसीपी, दशाश्वमेध
प्रशासन से बातचीत और मस्जिद कमेटी की आपसी सहमति से मस्जिद को तोड़ने का काम शुरू हुआ है। मस्जिद कमेटी को न ही कोई एतराज है और न ही कोई दवाब डाला गया है। सड़क चौड़ीकरण के लिए प्रशासन को जितनी जमीन चाहिए, उतना हिस्सा हम दे रहे हैं। किसी मस्जिद का 21 तो किसी का 22 और किसी का 24 फीट तक हिस्सा सड़क निर्माण में गया है। - मिर्जा सैफ बेग, मुतवल्ली, मिर्जा करीमुल्लाह बेग मस्जिद
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.