डीएलएड: बलिया में 2370 परीक्षार्थी हुए शामिल, द्वितीय प्रश्न पत्र की परीक्षा 10 केंद्रों पर हुई; 268 अनुपस्थित
डीएलएड परीक्षा के द्वितीय प्रश्न पत्र की परीक्षा सोमवार को 10 केंद्रों पर हुई। इसमें 2,370 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि 268 अनुपस्थित रहे। परीक्षा में कुल 89.8 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। केंद्रों पर परीक्षा को लेकर सुरक्षा और निगरानी के इंतजाम किए गए थे। अधिकारियों ने परीक्षा प्रक्रिया का जायजा लिया और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
विस्तार
डीएलएड प्रथम सेमेस्टर परीक्षा वर्ष 2026 के द्वितीय प्रश्न पत्र की परीक्षा सोमवार को जिले के 10 केंद्रों पर हुई। परीक्षा में पंजीकृत 2,638 परीक्षार्थियों में से 2,370 उपस्थित रहे, जबकि 268 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस तरह परीक्षा में करीब 89.8 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। परीक्षा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) पकवाइनार की निगरानी में हुई।
डायट से जारी आंकड़ों के अनुसार सत्र 2025 के सबसे अधिक 2,045 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें 1,953 ने परीक्षा दी, जबकि 92 अनुपस्थित रहे। इस सत्र में करीब 95.5 प्रतिशत उपस्थिति रही। सत्र 2024 के 482 परीक्षार्थियों में 386 उपस्थित और 96 अनुपस्थित रहे।
वहीं पुराने सत्रों में उपस्थिति का आंकड़ा काफी कम रहा। सत्र 2023 के 62 में से 24 परीक्षार्थी उपस्थित हुए और 38 अनुपस्थित रहे। सत्र 2022 के 26 में से सिर्फ सात परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 19 अनुपस्थित रहे। सत्र 2021 के सभी 23 परीक्षार्थी परीक्षा से गैरहाजिर रहे।
केंद्रवार आंकड़ों में कुंवर सिंह इंटर कॉलेज, बलिया में सर्वाधिक 351 परीक्षार्थी पंजीकृत रहे। सत्र 2025 में सबसे अधिक 16 परीक्षार्थी शहीद मंगल पांडेय इंटर कॉलेज, नगवा में अनुपस्थित रहे। श्री मुरली मनोहर टाउन इंटर कॉलेज में 14 और कुंवर सिंह इंटर कॉलेज में 13 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। कुल मिलाकर सबसे अधिक 49 परीक्षार्थी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में अनुपस्थित रहे, जिनमें पुराने सत्रों के परीक्षार्थियों की संख्या अधिक रही। वहीं सबसे कम 13 अनुपस्थितियां राम दहिन सिंह इंटर कॉलेज, आमघाट में दर्ज हुईं।
अन्य परीक्षा केंद्रों में राजकीय इंटर कॉलेज बलिया, गुलाब देवी बालिका इंटर कॉलेज, इंटर कॉलेज दिउली, राम सिंहासन किसान इंटर कॉलेज दुबहर और श्री सुखपुरा इंटर कॉलेज सुखपुरा शामिल रहे।
दुबहर क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों पर डीएलएड प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा दो पालियों में शांतिपूर्ण ढंग से हुई। शहीद मंगल पांडेय इंटर कॉलेज नगवां और राम सिंहासन किसान इंटर कॉलेज दुबहर में कुल 86 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
डीएलएड परीक्षा के 10 केंद्रों पर तैनात हुए ड्यूटी मजिस्ट्रेट
डीएलएड परीक्षाओं को शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए जिला प्रशासन ने जिले के 10 परीक्षा केंद्रों पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं। प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा 21 से 23 सितंबर और तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा 24 से 26 सितंबर तक होगी। डायट के अनुसार प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा 10 केंद्रों पर, जबकि तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा नौ केंद्रों पर आयोजित होगी।
छात्र संख्या कम होने के कारण सुखपुरा इंटर कॉलेज को तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा से अलग रखा गया है। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह के निर्देश पर सभी केंद्रों पर मजिस्ट्रेटों को परीक्षा व्यवस्था और शांति बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।