Varanasi News: सुपाड़ी फैक्ट्री में एसजीएसटी की रेड, करोड़ों के टैक्स चोरी की चल रही जांच; कई कर्मचारी भागे
वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र में एसजीएसटी की टीम ने छापेमारी की है। यहां के एक सुपाड़ी फैक्ट्री में अफसरों को देख हड़कंप मच गया।
विस्तार
Varanasi News: चोलापुर थाना क्षेत्र में स्थित एक सुपाड़ी फैक्ट्री पर बुधवार को स्टेट जीएसटी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। जैसे ही अधिकारियों की टीम फैक्ट्री परिसर में पहुंचीं, वहां हड़कंप मच गया और कई कर्मचारी मौके से फरार हो गए।
यह छापेमारी चंदापुर पुलिस चौकी के पास कृष्ण कांत पांडेय उर्फ पम्मी पांडेय के स्वामित्व वाली फैक्ट्री पर की गई। एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-2 राम प्रकाश के नेतृत्व में SGST की तीन टीमों ने एक साथ फैक्ट्री और उसके तीन गोदामों पर कार्रवाई की। कुल 15 अधिकारियों की टीम दोपहर करीब 1:30 बजे से दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है। फैक्ट्री पर करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी का आरोप है।
माैके पर जुटे रहे अधिकारी
जानकारी के मुताबिक, विभाग के पास पहले से कुछ अहम सुराग थे, जिनके आधार पर यह छापा मारा गया। अधिकारियों ने फैक्ट्री में मौजूद सभी कर्मचारियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं ताकि किसी भी तरह की सूचना लीक न हो सके।
छापेमारी के दौरान फैक्ट्री से साइड दरवाजे से भाग रहे कुछ कर्मचारियों का वीडियो बना रहे एक पत्रकार से कर्मचारियों ने अशोभनीय व्यवहार किया, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
बताया जा रहा है कि कंपनी के पास आधा दर्जन से अधिक गोदाम हैं। छापे की खबर फैलते ही कई गोदामों के कर्मचारी शटर गिराकर मौके से फरार हो गए। फिलहाल विभागीय अधिकारी जांच के दौरान कुछ भी कहने से बच रहे हैं।