पुलिस के टॉर्चर से परेशान होकर युवकों ने शरीर पर मारे ब्लेड, थाने में जान देने की कोशिश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी के सिगरा थाने के टॉप टेन बदमाशों में शुमार दीपक बिंद और आपराधिक मामलों के आरोपी रवि ने गुरुवार की रात भेलूपुर थाने की हवालात में शरीर पर जगह-जगह ब्लेड मार कर और शर्ट के फंदे से लटक कर जान देने की कोशिश की। दोनों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया और फिर रवींद्रपुरी स्थित एक नर्सिंगहोम में भर्ती कराया गया।
परिजनों का आरोप है कि दोनों ने पुलिस की मुखबिरी करने से मना किया तो उनकी पिटाई की गई। पिटाई से डर कर दोनों ने जान देने की कोशिश की। इस प्रकरण से भेलूपुर थाने के पुलिसकर्मियों में हड़कंप मचा हुआ है।
ये भी पढ़ें : काशी विश्वनाथ मंदिर में शुरू हुई नई सुविधा से श्रद्धालुओं को मिलेगा लाभ, पेटीएम का करना होगा प्रयोग
माधोपुर निवासी दीपक बिंद और रवि रिश्ते में चाचा-भतीजा लगते हैं। दीपक पर विभिन्न आपराधिक आरोपों में नौ और रवि पर छह मुकदमे दर्ज हैं। दीपक और रवि के अनुसार छित्तूपुर की एक युवती ने उन पर छेड़खानी का झूठा आरोप लगाया तो सिगरा पुलिस ने 13 अगस्त को दोनों को पकड़ा।
इसके बाद दोनों को महमूरगंज क्षेत्र स्थित आभूषण की दुकान में बीते महीने हुई चोरी में शामिल युवकों की फोटो दिखाकर उनको पकड़वाने को कहा गया। दोनों ने युवकों को पहचानने से इनकार किया तो उनकी पिटाई की गई और गुरुवार की शाम पूछताछ करने के लिए भेलूपुर पुलिस को सौंप दिया गया।
ये भी पढ़ें : सीआईएसएफ भर्ती में धांधली करते धरे गए चार मुन्नाभाई, फर्जीवाड़े में भेजे गए जेल
भेलूपुर थाने में भी पुलिस ने पिटाई की तो दोनों ने लघुशंका की बात कही और टॉयलेट गए। टॉयलेट में दोनों ने ब्लेड देखे तो उसे उठा कर हवालात में लेते आए। देर रात दोनों ने अपने शरीर पर जगह-जगह ब्लेड मार कर शर्ट का फंदा बनाया और लटकने की कोशिश की।
इसी बीच गश्त से लौट कर आए थानाध्यक्ष भेलूपुर नागेश कुमार सिंह की नजर हवालात पर पड़ी तो आनन-फानन में दोनों को अस्पताल ले जाया गया। एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश सीओ भेलूपुर को दिया गया है। रिपोर्ट के आधार पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें : काशी विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं के गर्भगृह में प्रवेश पर प्रशासन का बड़ा कदम, लगाई रोक