सोनभद्र नरसंहार : सपा ने की पीड़ितों को एक-एक करोड़ मुआवजा की मांग, 26 अगस्त को विधानसभा का घेराव
पूर्व की सपा सरकार में राज्यमंत्री रहे व्यास जी गौड़ ने घोरावल के उभ्भा कांड में मृतकों के आश्रितों को एक- एक करोड़ रुपये व एक सदस्य को नौकरी तथा घायलों को 50-50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग यूपी सरकार से की है। साथ ही आदिवासियों के अधिकार की मांग को लेकर 25 अगस्त को विधानसभा के समक्ष कैंडिल मार्च और 26 अगस्त को विधानसभा का घेराव करने का एलान किया है।
रविवार को सपा के जिला कार्यालय पर पत्रकार वार्ता में पूर्व राज्यमंत्री व्यास जी गौड़ ने कहा कि उभ्भा के विवादित जमीन को लेकर भाजपा सरकार में दाखिल खारिज हुआ। भाजपा सरकार में ही वहां के आदिवासियों के खिलाफ गुंडा एक्ट तक के मुकदमे दर्ज किए गए। यह आदिवासियों का खुला उत्पीड़न है। जिस जमीन को लेकर वहां के दस गोड़ आदिवासियों की हत्या हुई, उसे लेकर वर्तमान की भाजपा सरकार में ही तमाम समस्याएं पैदा की गईं।
ये भी पढ़ें : जौनपुर : पेड़ से लटकी मिली लाश, छोटे भाई ने लगाया हत्या का आरोप
आदिवासी अपनी मांगों को लेकर 25 अगस्त की शाम को लखनऊ में विधानसभा के समक्ष कैंडिल मार्च निकालेंगे, फिर 26 मार्च को विधानसभा का घेराव करेंगे। गौड़ ने कहा कि प्रदेश के किसानों, नौजवानों, अल्पसंख्यकों, गरीबों, बेरोजगारों की अनदेखी करते हुए भाजपा अपने राजनीतिक एजेंडे पर काम करने लग गई है।
इन हालात में सपा के कार्यकर्ता चुप रहकर प्रदेश की जनता को प्रताड़ित होते नहीं देखना चाहते। भाजपा के इशारे पर जनपद के अधिकारी काम कर रहे हैं। जनता की आवाज को भी उठाने नहीं दे रहे हैं। इस तानाशाही को सपा के कार्यकर्ता कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे। पत्रकार वार्ता में सपा जिलाध्यक्ष विजय यादव, पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा, रमेश चंद्र दूबे, सईद कुरैशी, डॉ. गोपाल सिंह, हृदयनारायण गोड़, हिदायत उल्ला खां, रमेश सिंह यादव मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें : कुलगंज के जूता व्यापारी की हत्या में शामिल छह आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने चाकू बरामद किया