कबाड़ की दुकान से चोरी की घंटियां बरामद होने पर पुलिस ने व्यापारी को पीटा, अस्पताल में भर्ती
कबाड़ की दुकान से चोरी की घंटियां बरामद होने के बाद व्यापारी को हिरासत में लेकर पिटाई का मामला प्रकाश में आया है। गंभीर अवस्था में व्यापारी को ककरमत्ता स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस घटना को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने कपसेठी थाने का घेराव किया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों की पुलिस से नोकझोंक भी हुई। मौके पर पहुंचे सीओ बड़ागांव अर्जुन सिंह के कार्रवाई के आश्वासन के बाद प्रदर्शन खत्म हुआ। सीओ बड़ागांव को घटना की जांच सौंपी गई है।
ये भी पढ़ें : ठेकेदार की आत्महत्या के मामले में जेई और एई गिरफ्तार, आज जाएंगे जेल
लोहराडीह गांव निवासी राजकुमार गुप्ता की कपसेठी में कबाड़ की दुकान है। आरोप है कि राजकुमार की दुकान से चोरी की दो दर्जन घंटियां बरामद करने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ के नाम पर जमकर पीटा। गंभीर हालत में थाना प्रभारी रामकेश वर्मा उसे वाहन से जंसा स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां हालत बिगड़ने पर ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
उसे कंचनपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जब इसकी जानकारी क्षेत्र के ग्रामीणों व कपसेठी व्यापार मंडल के लोगों को हुई तो कपसेठी थाना प्रभारी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लोगों ने थाने का घेराव किया और धरने पर बैठ गये।
ये भी पढ़ें : प्रतिबंधित विदेशी ब्रांड की नकली सिगरेट बनाने के कारखाने का भंडाफोड़
इस दौरान थाना प्रभारी व ग्रामीणों में नोकझोंक भी हुई। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक से व्यापारियों ने फोन पर बात किया, जिसके बाद सीओ बड़ागांव अर्जुन सिंह मौके पर पहुंचे और थाने का घेराव कर रहे लोगों से बात की। उन्हें समझा-बुझाकर शांत किया व ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जल्दी ही जिम्मेदार के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उसके बाद ग्रामीण शांत हुए।