आजमगढ़ : पुलिस से बर्खास्त सिपाही करने लगा था ये काम, गिरफ्तार होने के बाद उगले कई राज
लोगों का एटीएम कार्ड बदलकर ऑनलाइन शापिंग करने वाले गिरोह के एक सदस्य को आजमगढ़ जिले के कंधरापुर थाने की पुलिस ने शनिवार को जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के मानिकपुर गांव से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके घर से वोल्टास कंपनी का नया एसी, लुमिनस कंपनी की 12 बोल्ट की बैट्री बरामद हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि गिरोह का मुख्य सरगना मऊ जिले का रहने वाला पुलिस का बर्खास्त सिपाही है।
एसपी त्रिवेणी सिंह के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी अमित कुमार यादव है। वह जीयनपुर कोतवाली के मानीकपुर गांव का निवासी है। कंधरापुर गांव निवासी श्यामप्यारे ने 13 सितंबर को थाने में सूचना दी कि उसका बेटा अमित कुमार 17 अगस्त को एटीएम लेकर कंधरापुर बाजार से पैसा निकालने गया था। वहां पर मौजूद एक युवक ने अमित का एटीएम कार्ड बदल लिया और 3.30 लाख रुपये की ऑनलाइन खरीदारी कर ली।
पुलिस केस दर्ज कर जांच में जुट गई। शनिवार को मुखबिर की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक कंधरापुर देवेंद्र सिंह ने अपनी टीम के साथ जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के मानीकपुर गांव निवासी अमित यादव के घर पर छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
बरामद किया गया सामान ऑनलाइन खरीदा गया था। उसने बताया कि गिरोह का सरगना मऊ जिले के हलधरपुर थाने के समरुआ चकरा गांव निवासी राकेश यादव है। वह पुलिस का बर्खास्त सिपाही है।
एसपी ने बताया कि इस गिरोह के सदस्य एटीएम के पास खड़े रहते हैं। जैसे ही कोई व्यक्ति रुपये निकालने पहुंचता है तो मशीन के बांईं तरफ की बटन दबाकर हैंग कर देते हैं। बाद में स्वयं देखने के बहाने संबंधित का कार्ड लेकर बदलकर निकल जाते हैं। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का चालान कर दिया गया है। फरार राकेश की तलाश की जा रही।