चेन स्नैचिंग गिरोह का पर्दाफाश, पुलिस को इस तरह मिली गिरफ्तार करने में कामयाबी
वाराणसी में बढ़ती चेन स्नैचिंग की घटनाएं पुलिस के लिए चुनौती बनकर उभरी हैं। इस चुनौती को पुलिस लगातार कम करने के लिए दबिश और चेकिंग कर रही है। रविवार को चेन स्नैचिंग में लिप्त 4 शातिर लुटेरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर अलग-अलग स्थानों से लुटी हुई सोने की चेन बरामद कीं।
सारनाथ थाना प्रभारी विजय बहादुर सिंह ने बताया कि काफी दिन से क्षेत्र में चेन लूटने की घटनाएं संज्ञान में आ रही थीं। इन घटनाओं में लिप्त लोगों की शिनाख्त कर दो पुलिस की टीमें लगा दी गई थीं। एसआई संतोष यादव, धर्मराज शर्मा कांस्टेबल बूटा यादव व दूसरी टीम में आशापुर चौकी प्रभारी राजीव सिंह व एसआई सुनील यादव लगातार क्षेत्र में चेन स्नैचिंग मे लिप्त लोगों की तलाश में जुट हुए थे। पिछले दिनों बुद्धा नगर कॉलोनी में चेन स्नैचिंग की घटना हुई थी, उस घटना को लेकर एसआई संतोष यादव व धर्मराज शर्मा ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी के फुटेज से अपराधियों की पहचान कर लगातार दबिश दे रहे थे।
शनिवार रात लगभग 8 बजे पंचकोशी रेलवे क्रॉसिंग पर वाहन चेकिंग के दौरान अजय व चंदन को रोककर तलाशी ली गई तो, अजय के पास से दो सोने की चेन, चंदन के पास से लूट के दो चेन बरामद हईं। इन्हीं की निशानदेही पर इनके दो साथियों मोहित उर्फ कुंदन यादव व अक्षय लाल यादव को गिरफ्तार किया गया।
अक्षयलाल यादव के पास से 32 बोर पिस्टल व सोने के दो चेन, मोहित कुमार उर्फ कुंदन यादव के पास से 315 बोर कट्टा व सोने के दो चैन बरामद हुईं। इनके पास से 8 जगहों से लूटे गई सोने की आठ चेन सहित 1500 रुपये बरामद हुए।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि, अपने ऐशो-आराम व शौक पूरा करने के लिए यह लुटेरा गैंग शिवपुर, पांडेपुर, लालपुर, भेलूपुर सहित सारनाथ क्षेत्र के बुद्धा नगर कॉलोनी में सोने की चेन लूट चुका है। चारो स्नैचर चौबेपुर थाना के कमौली गांव के रहने वाले हैं।