जौनपुर: बीमारी से तंग दिव्यांग ने फांसी लगाकर दी जान, एक मजदूर पेड़ से लटका मिला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जौनपुर जिले के मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के घिसुआ खुर्द गांव में मंगलवार की रात दिव्यांग अधेड़ ने फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों के मुताबिक वह लंबे समय से बीमार चल रहा था। बीमारी के कारण ही अवसाद में था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घिसुआ खुर्द गांव निवासी जयप्रकाश गौड़(47) पैर से दिव्यांग था। काफी दिनों से वह बीमार चल रहा था। परिजन उसका इलाज करवा रहे थे। इसमें काफी खर्च हो रहा था, जिस कारण जयप्रकाश तनाव में थे।
मंगलवार की रात इसे लेकर परिवार में विवाद भी हुआ था। भाई रमाशंकर के अनुसार मंगलवार रात खाना खाने के बाद रोज की तरह जयप्रकाश घर के गलियारे में सोने चला गया। बुधवार की सुबह परिजनों की नींद खुली तो छत के सहारे रस्सी से जयप्रकाश का शव लटक रहा था।
भाई ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पुलिस ने पहुंचकर छानबीन की। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिवार में पत्नी, तीन बेटियां और एक बेटा है। प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश पांडेय ने बताया कि बीमारी के कारण आत्महत्या की बात सामने आई है। बाकी मामले में जांच की जा रही है।
मुंगराबादशाहपुर के गरियांव गांव की घटना
मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के गरियांव गांव निवासी ओमप्रकाश गौतम(40) का गांव में ही कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। इसे लेकर तीन दिन पहले पंचायत भी हुई थी, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। इसी मामले को लेकर पत्नी पुष्पा देवी से भी अक्सर ओमप्रकाश की कहासुनी होती थी।
मंगलवार की रात खाना खाने के बाद ओमप्रकाश दूसरे कमरे में सोने चला गया। सुबह पत्नी व अन्य परिजन उठे तो कमरे में पंखे के हुक से बंधे फंदे पर ओमप्रकाश शव लटक रहा था। शव को फंदे से नीचे उतारकर सूचना पुलिस को दी गई।
परिजनों का आरोप है कि पुराने विवाद में ही ओमप्रकाश की हत्या की गई है। इस बाबत एसओ सत्य प्रकाश सिंह का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का ही लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद किसी ठोस नतीजे पर पहुंचा जा सकता है।