बांदा: हथकड़ी खोलकर भागा दुष्कर्म का आरोपी, कोर्ट में होनी थी पेशी, पुलिस महकमे में हड़कंप, तलाश जारी
Banda News: बिसंडा थाने में पुलिस अभिरक्षा से दुष्कर्म का आरोपी हथकड़ी की रस्सी खोलकर फरार हो गया। आरोपी को एक किशोरी के साथ पकड़ा गया था और रविवार को उसे न्यायालय में पेश किया जाना था। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की नींद खुलने पर घटना का खुलासा हुआ, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
विस्तार
बांदा जिले में दुष्कर्म का आरोपी थाने से हथकड़ी की रस्सी खोलकर भाग निकला। नींद में आगोश में समाए पुलिस कर्मियों ने देखा, तो वह नदारद था। इससे पुलिस कर्मियों के हाथ पैर फूल गए। पुलिस टीम उसकी तलाश में जुटी है। देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव महोखर निवासी मलखान यादव को बिसंडा थाना पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया था।
वह एक माह पूर्व एक किशोरी को लेकर गांव से भाग गया था। पुलिस ने किशोरी और आरोपी दोनों को पकड़ लिया था। किशोरी का रविवार को मेडिकल व बयान कराया जाना था, आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाना था। इस बीच बिसंडा थाने में आरोपी को रस्सी वाली हथकड़ी लगाकर रखा गया था। रविवार को सुबह करीब चार बजे वह किसी तरह से हथकड़ी की रस्सी खोलकर थाने से भाग निकला।
आरोपी की तलाश में जुटी टीमें
नींद की आगोश से जागे ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों ने देखा, तो उनके हाथ-पैर फूल गए। आनन फानन थानाध्यक्ष समेत पुलिस के उच्चाधिकारियों को सूचना दी गई। पुलिस टीम आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि आरोपी हथकड़ी खोलकर भागा है। उसकी तलाश की जा रही है। जल्द की गिरफ्तार किया जाएगा।