उस्ताद की बेटी ने छोड़ा खाना, नहीं मिली शहनाइयां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां की चोरी गई चांदी की पांच शहनाई, कंगन और इनामी तश्तरी दो दिन बाद मंगलवार को भी नहीं खोजी जा सकीं। वहीं, चोरी गई बेशकीमती शहनाइयों के गम में उस्ताद की बड़ी बेटी जरीना बेगम ने खाना छोड़ दिया है। जरीना बेगम सहित उस्ताद के पूरे परिवार के लोगों का कहना है कि पुलिस मामले में कड़ी कार्रवाई कर शहनाइयां बरामद करें।
उधर, पारिवारिक विवाद को आधार मानकर तफ्तीश में जुटी पुलिस के हाथ अब तक ऐसा कोई ठोस सुराग नहीं लग सका है कि शहनाइयों की खोजबीन के मद्देनजर कोई ठोस कार्रवाई की जा सके। हालांकि पुलिस टीमों का मानना है कि शहनाइयां किसी बाहरी के हाथ नहीं लगी है।
दालमंडी क्षेत्र के चाहमामा निवासी काजिम हुसैन ने रविवार की रात पुलिस को सूचना दी थी कि उनके पिता भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां की चांदी की पांच शहनाई, सोने के दो कंगन और इनामी तश्तरी उनके ट्रंक की कुंडी तोड़कर चुरा ली गई है। हालांकि मकान के मुख्य दरवाजे का ताला और अन्य सामान पूरी तरह सुरक्षित थे।
उस्ताद की बेटी ने छोड़ा खाना, नहीं मिली शहनाइयां
वहीं, चोरी गया सामान एक ट्रंक में पांच रजाइयों के नीचे रखा था। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अफसरों ने मौका मुआयना कर चौक थाने में चोरी का मुकदमा दर्ज कराया।
घटना की तफ्तीश में चौक पुलिस के साथ ही क्राइम ब्रांच भी जुटी लेकिन सभी अब तक इसी निष्कर्ष पर पहुंचे हैं कि शहनाइयां किसी बाहरी शख्स के हाथ तक नहीं पहुंची हैं। पुलिस टीमों के अनुसार उस्ताद से जुड़ी धरोहरों की चोरी की गुत्थी जल्द ही सुलझ जाएगी।
उधर, उस्ताद बिस्मिल्लाह खां के बेटे उस्ताद जामिन हुसैन के बेटे आफाक हैदर ने कहा कि घटना से हम सब बेहद दुखी हैं। बाबाजान से जुड़ी धरोहरों का दुख इस कदर है कि बड़ी बुआ जरीना बेगम ने खाना छोड़ दिया है।
पुलिस से हम सबकी यही गुहार है कि उस्ताद से जुड़ी बेशकीमती धरोहरों को किसी भी तरह से कुछ भी करके जल्द खोज निकाला जाए।
इस संबंध में एसएसपी नितिन तिवारी ने बताया कि हमारी टीमें लगी हुई हैं लेकिन अब तक कोई खास सफलता हाथ नहीं लगी है। हमारा पूरा प्रयास है कि भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां से जुड़ी चोरी हुई शहनाइयों को हम जल्द से जल्द खोज निकालें।