{"_id":"590d8cc04f1c1b966b4414d3","slug":"big-game-of-oil-on-petrol-pump-in-varanasi-chip-found-in-raid-stirred","type":"story","status":"publish","title_hn":"लखनऊ के बाद वाराणसी में चिप से तेल चोरी का बड़ा खुलासा ","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
लखनऊ के बाद वाराणसी में चिप से तेल चोरी का बड़ा खुलासा
टीम डिजिटल, अमर उजाला, वाराणसी
Updated Sat, 06 May 2017 08:49 PM IST
विज्ञापन
छापेमारी के बाद मिली चिप
- फोटो : अमर उजाला
लखनऊ के बाद वाराणसी में पेट्रोल टंकी पर चिप लगाकर तेल चोरी का बड़ा खुलासा हुआ है। शहर के बीचोबीच भारत पेट्रोलियम के सिगरा स्थित गोपी राम श्याम सुंदर पेट्रोल पंप पर छापे में यह इलेक्ट्रानिक डिवाइस पकड़ी गई।
विज्ञापन
यहां लगी सात अन्य मशीनों की सर्किट में भी छेड़छाड़ का मामला पकड़ में आया है। छापे के दौरान पंप मैनेजर और कर्मचारी भाग निकले। प्रशासन, बाट-माप और आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने तत्काल प्रभाव से पेट्रोल टंकी सीज कर दी है। पकड़ी गई इलेक्ट्रानिक डिवाइस को जांच के लिए भेजा गया है।
विज्ञापन
डिवाइस लगाकर घटतौली का पर्दाफाश होने से उपभोक्ता हैरान हैं वहीं पेट्रोल पंप संचालकों में खलबली मच गई है। लखनऊ में पेट्रोल टंकियों में चिप लगाकर घटतौली का मामला पकड़े जाने के बाद से यहां भी छापेमारी चल रही है।
विज्ञापन
अब तक टंकियों की जांच में छोटी-मोटी खामियां ही सामने आ रही थीं लेकिन शनिवार को सिगरा स्थित गोपी राम श्याम सुंदर पेट्रोल पंप पर छापे के दौरान इलेक्ट्रानिक डिवाइस लगाकर तेल चोरी के खुलासे से हड़कंप मच गया।
शहर के बीचोबीच 16 नोजल वाले इस पेट्रोल पंप एसीएम चतुर्थ त्रिभुवन राम, जिला आपूर्ति अधिकारी अशोक यादव और बाट-माप के सहायक समन्वयक मुकेश कुमार की अगुवाई में संयुक्त टीम सुबह साढ़े 11 बजे पहुंची। 16 में आठ मशीनें बंद पाई गईं।
जांच के दौरान एक मशीन में अलग से चिप लगी पाई गई। इसके बाद तो जांच टीम ने बारी-बारी से सारी मशीनों को खोलकर चेक किया। शाम साढ़े चार बजे तक करीब पांच घंटे चली इस कार्रवाई में बाकी मशीनों में लगे इलेक्ट्रानिक डिवाइस में भी छेड़खानी के सुबूत मिले। चिप लगाकर तेल चोरी का खुलासा होते ही मैनेजर और पेट्रोल पंप कर्मचारी भाग खड़े हुए।
जांच टीम को आशंका है कि जिन मशीनों में सर्किट से छेड़खानी पकड़ी गई है, हो सकता है कि उनमें भी पहले चिप लगी रही होगी। लखनऊ में खुलासे के बाद जब यहां छापेमारी शुरू हुई तो उन्हें आननफानन में निकाला गया होगा। संयुक्त टीम में वरिष्ठ निरीक्षक बाट माप आलोक कुमार, एसटीएफ इंस्पेक्टर विपिन राय भी शामिल थे।