आजमगढ़ में जहरीली शराब पीने से आठ और लोगों की गई जान, अब तक 27 की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आजमगढ़ में जहरीली शराब से मौतों का सिलसिला तीसरे दिन भी जारी रहा। शनिवार देर रात से लेकर रविवार सुबह तक अस्पतालों सहित अन्य जगहों पर छह और लोगों की मौत हो गई।
रौनापार थाना क्षेत्र में गुरुवार को जहरीली शराब से दो अन्य की मौत का मामला भी सामने आया है. जिनका परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए अंतिम संस्कार कर दिया। इसके अलावापांच नए मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हालत गंभीर देख डॉक्टर ने उनमें से चार को वाराणसी रेफर कर दिया है। मृतकों की संख्या 26 पहुंच चुकी है, जबकि 15 बीमार भर्ती हैं। शनिवार की देर रात से रविवार के बीच जहरीली शराब पीने से मरने वालों में खांड़ गांव निवासी प्रमोद शर्मा (32), जीयनपुर के ही अजमगढ़ नगर के के बद्री राजभर (55), रौनापार के केवटहिया गांव निवासी बहादुर निषाद (35), उसका पड़ोसी घमंडी (38) और बिलरियागंज के वरुना जगदीशपुर गांव निवासी नंदलाल (45) शामिल हैं।
पुलिस ने बहादुर निषाद और घमंडी की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। जबकि पुलिस के दबाव में नंदलाल की लाश का अंतिम संस्कार कर दिया गया। रविवार को मरने वाला बहादुर निषाद शराब कांड का मुख्य आरोपी चरित्तर निषाद का बेटा था। इस तरह जहरीली शराब से एक परिवार के चार लोगों की मौत हो चुकी है।
उधर, रौनापार थाना क्षेत्र के मेहरा गांव निवासी फैज (52), हिरनई गांव निवासी श्यामराज (50) की भी मौत गुरुवार को जहरीली शराब से ही हुई थी। पुलिस के दबाव में घरवालों ने इनका बिना पीएम कराए ही अंतिम संस्कार कर दिया। फैज को अपने गांव के कब्रिस्तान में दफना दिया गया, जबकि श्यामराज का मऊ जिले के दोहरीघाट में अंतिम संस्कार किया गया।
नए मरीजों में जीयनपुर थाना क्षेत्र के खांड़ गांव निवासी उमेश यादव (40), चंद्रभूषण (36), जमीन रसूलपुर गांव निवासी श्यामनयन (55), विनोद (30), जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के चौकोखुर्द गांव निवासी बृजभान (45) का नाम शामिल है।
इनमें से उमेश, बृजभान, श्यामनयन, और विनोद को जिला अस्पताल से वाराणसी रेफर कर दिया गया। चंद्रभूषण का शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। जहरीली शराब पीने से 15 लोग अभी गंभीर हैं। इनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। बीमार होने वालों में किसी के आंख की रोशनी कम हो गई तो किसी के पेट में दर्द और उल्टी हो रही है।
जहरीली ‘खेप’ का सप्लायर गिरफ्तार
केवटहिया गांव में जहरीली शराब (एलजी) की सप्लाई करने वाले मुबारकपुर थाना क्षेत्र के कुकुरसंडा गांव निवासी मुन्ना राजभर को मुबारकपुर पुलिस ने शनिवार देर रात गांव से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से भारी मात्रा में कच्ची शराब बरामद हुई।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि केवटहिया गांव निवासी चरित्तर और रामवृक्ष के यहां शराब उसी ने भिजवाई थी वहां से अन्य एजेंट खरीदकर ले गए थे। शराब की वह खेप जहां-जहां गई है। वहां के लोग पीकर मर गए या फिर बीमार हैं।