कफ सिरप केस: मास्टरमाइंड शुभम से जुड़ी 12 और फर्मों पर FIR, ड्रग इंस्पेक्टर ने दी तहरीर; 40 फर्में चिह्नित
Varanasi News: कफ सिरप प्रकरण में पूर्वांचल में लगातार कार्रवाई की जा रही है। गड़बड़ी मिलने पर दुकानों को नोटिस और सीज कर दिया जा रहा है। इस बीच, वाराणसी में शुभम जायसवाल के खिलाफ शिकंजा और कसता जा रहा है।
विस्तार
Varanasi Crime News: कोडीन युक्त कफ सिरप मामले में ड्रग विभाग ने 12 और फर्मों के नाम का खुलासा किया है। शुक्रवार को ड्रग इंस्पेक्टर जुनाब अली की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने 12 फर्मों और उनके संचालकों के खिलाफ औषधि अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। कफ सिरप के मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल से इन सभी का संबंध माना जा रहा है। कोडीन युक्त कफ सिरप की अवैध खरीद-फरोख्त का आरोप है। अब तक कुल 40 फर्में चिह्नित हो चुकी हैं।
कोतवाली इंस्पेक्टर दयाशंकर सिंह ने बताया कि महमूरगंज के शंकरपुरी कॉलोनी निवासी प्रशांत उपाध्याय की फर्म राधिका इंटरप्राइजेज, सोनिया काजीपुरा रोड निवासी अमित जायसवाल की फर्म श्रीहरि फार्मा एंड सर्जिकल एजेंसी, खोजवा के जीवधीपुर निवासी विशाल सोनकर की फर्म विश्वनाथ मेडिकल एजेंसी, चौक के गढ़वासी टोला निवासी सचिन पांडेय की फर्म सौम्या मेडिकल एजेंसी, खोजवा बाजार निवासी घनश्याम की फर्म श्रीराम फार्मा पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने की कार्रवाई
इसके अलावा खोजवा नवाबगंज निवासी अभिनव यादव की फर्म खाटू फार्मा, हुकुलगंज निवासी बादल आर्या की फर्म कालभैरव ट्रेडर्स, हरतीरथ निवासी सचिन यादव की फर्म विंध्यवासिनी ट्रेडर्स, पैगंबरपुर सारनाथ निवासी राहुल जायसवाल की फर्म श्याम फार्मा, कोतवाली के गायघाट निवासी हिमांशु चतुर्वेदी की फर्म वीएसएम फार्मा, चौक के नीचीबाग भारतेंदु भवन निवासी पूजा तिवारी की फर्म पूर्ण फार्मा और विशेश्वरगंज के गोलघर सिद्धमाता लेन निवासी आकाश पाठक की फर्म मेड्रीमेडी लाइफ केयर प्राइवेट लिमिटेड पर भी प्राथमिकी दर्ज की गई है।
ड्रग इंस्पेक्टर जुनाब अली की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए एसआईटी के तहत इसकी जांच की जा रही है। आरोपी फर्मों से शुभम जायसवाल की फर्म शैली ट्रेडर्स समेत अन्य फर्मों के साथ खरीद-बिक्री के लेन-देन की बात सामने आई है। पूरे प्रकरण की जांच एसआईटी कर रही है।