मुंबई में सैंपल देकर भाग आया दोस्त के साथ, अब साथी कोरोना पॉजिटिव मिला तो मचा हड़कंप
- बलिया में सोमवार को मिला पहला कोरोना वायरस का केस।
- मंगलवार को मुंबई में रहने वाले बलिया के युवक के रूम पार्टनर की रिपोर्ट आई कोरोना पॉजिटिव।
- दोनों युवक सैंपल देकर भाग कर ट्रक से आ गए थे बलिया।
विस्तार
बलिया में अब कारोना वायरस के संक्रमण का खतरा बढ़ता ही जा रहा है। अब तक ये जिला पूरी तरह से बचा हुआ था, लेकिन सोमवार को एक किशोर के पॉजिटिव आने के बाद संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। उसके साथ आए सभी 56 लोगों को प्रशासन ने एक बार फिर क्वारंटीन कर दिया है और उनकी सैंपलिंग कराई जा रही है।
अभी ये चल ही रहा था कि अब रसड़ा से एक डराने वाली खबर सामने आई है। खबर के अनुसार रसड़ा में आए एक युवक का गोंडा निवासी रूम पार्टनर कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। उसकी जांच मुंबई में ही हुई थी और रिपोर्ट आने से पहले ही दोनों ट्रक से भागकर घर आ गए।
रसड़ा के वार्ड नंबर-23 रूपी मोहल्ला निवासी युवक सोमवार की रात में ही अपने घर पहुंचा। उसके आने के बाद पहले ही मोहल्ले के लोग डरे हुए थे। मंगलवार को सुबह से ही मोहल्ले में चर्चाओं का बाजार गर्म था, इसी बीच सूचना आई कि मुंबई में इसके साथ रहने वाले गोंडा निवासी युवक की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
युवक के अनुसार दोनों मुंबई में साथ ही रहते थे। वहां उसकी तबीयत खराब हुई तो मकान मालिक ने इसकी सूचना मुंबई प्रशासन को दी। प्रशासन की ओर से उसकी सैंपलिंग की गई। इसके बाद अभी जांच की रिपोर्ट सामने आती, इससे पहले ही दोनों मौका देखकर मुंबई से फरार हो गए। वहां से इन लोगों ने एक ट्रक चालक को पैसा आदि देकर घर तक ले चलने के लिए तैयार कर लिया।
फिर दोनों एक साथ ही ट्रक में सवार होकर यूपी के लिए चल दिए। रास्ते में आजमगढ़ में रसड़ा निवासी युवक उतर गया और दूसरा गोंडा चला गया। सोमवार की रात में वह घर पहुंचा और मंगलवार को गोंडा निवासी युवक के पॉजिटिव आने की सूचना आ गई। मोहल्ले के लोगों ने तत्काल इसकी जानकारी सभासद राज कुमार गुप्ता रिंकू को दी। उन्होंने मामले की जानकारी स्वास्थ्य विभाग के साथ पुलिस को दी है।
रात भर परिवार के साथ रहा
मिली जानकारी अनुसार मुंबई से आया युवक सोमवार की रात में घर पहुंचने के बाद से मंगलवार की सुबह तक दर्जनभर से अधिक लोगों के संपर्क में आ चुका है। पूरी रात उसने परिवार वालों के साथ बिताई है। अब उसके रूम पार्टनर के पॉजिटिव आने के बाद मोहल्ले के लोग डरे हुए हैं कि उसने रात से अब तक पता नहीं कितने लोगों से मुलाकात कर ली है।
एसडीएम रसड़ा मोतीलाल यादव ने बताया कि मामले की जानकारी हुई है। युवक को तत्काल क्वारंटीन कराने की व्यवस्था की जा रही है। यदि जरूरी हुआ तो उसकी सैंपलिंग भी कराई जाएगी।
रसड़ा तहसील के कोविड प्रभारी डॉ. मुकेश वर्मा ने कहा कि युवक को होम क्वारंटीन किया गया है। प्रथम दृष्टया अभी उसमें कोई लक्षण दिखाई नहीं दे रहे हैं। फिर भी पूरे मामले की जानकारी जिला मुख्यालय को दे दी गई है। जल्द ही उसकी सैंपलिंग की जाएगी।