काशी विद्यापीठ में पूरा हुआ वैक्सीनेशन का लक्ष्य: बैक पेपर परीक्षा की तैयारी शुरू, होगा कोविड प्रोटोकॉल का पालन
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में तीन दिवसीय कैंप के दौरान कोविड टीकाकरण के लक्ष्य को पूरा कर लिया गया। विश्वविद्यालय में 18 जनवरी से बैक पेपर अंक सुधार व श्रेणी सुधार परीक्षा होगी।
विस्तार
वाराणसी स्थित महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के टीकाकरण कैंप का लक्ष्य पूर्ण हो गया। विश्वविद्यालय ने तीन दिवसीय कैंप के दौरान कोविड टीकाकरण के लक्ष्य को पूरा कर लिया है। रविवार को अंतिम दिन 17 विद्यार्थियों का टीकाकरण हुआ। इसके साथ ही राजकीय इंटर कॉलेज तथा कुछ अन्य विद्यालय के 56 विद्यार्थियों को भी टीका लगाया गया।
जनसंपर्क अधिकारी डॉ. नवरत्न सिंह ने बताया कि काशी विद्यापीठ ने अपने सभी परिसरों को टीकाकरण करा कर सुरक्षित कर लिया है। इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय में 18 जनवरी से शुरू होने वाली बैक पेपर अंक सुधार व श्रेणी सुधार परीक्षा की तैयारी भी पूर्ण कर ली गई है। परीक्षा के दौरान कोविड प्रोटोकॉल का पूर्ण रूप से पालन किया जाएगा।
विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों में चलेंगी ऑनलाइन कक्षाएं
कोरोना संक्रमण को देखते हुए विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों में ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन किया जाएगा। शासन के आदेश पर महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में ऑनलाइन कक्षाओं को नियमित करने का निर्देश दिया गया है। वहीं कार्यालयों में कर्मचारियों की उपस्थिति रोस्टर के अनुसार आधी ही रहेगी।
पढ़ेंः कोरोना की रफ्तार तेज: वाराणसी में मिले 606 कोविड पॉजिटिव, संक्रमण दर 10 फीसद से ऊपर पहुंचा
काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों में ऑनलाइन कक्षाओं के संचालन का निर्देश दिया है। विश्वविद्यालय में समस्य संकाय, विभाग एवं कार्यालय में 50 फीसदी कर्मचारी ही उपस्थित रहेंगे।
बाकी कर्मचारी घर से ही कार्यालय का काम करेंगे। आवश्यकता अनुसार किसी भी कर्मचारी को बुलाया जा सकता है। कोई कर्मचारी बिना अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ेगा। सभी कर्मचारियों को कोविड प्रोटोकॉल के अनुसार मानकों का पालन करना होगा।
दो दिन में 26,612 किशोरों ने लगवाया टीका
वाराणसी में 15 से 18 साल तक के किशोरों को टीका लगवाए जाने के लिए दो दिन (15-16 जनवरी) तक चले मेगा टीकाकरण अभियान में 26,612 किशोरों को टीका लगाया गया। इसमें पहले दिन 16,429 तो रविवार को केवल 9,183 किशोरों ने टीका लगवाया। सोमवार से सिगरा स्टेडियम सहित अन्य जगहों पर भी किशोर पहुंचकर अपना टीका लगवा सकते हैं।
वहीं 520 केंद्रों पर पिछले दो दिन में ही कुल 51,612 लोगों ने टीका लगवाया। इसमें 15 जनवरी को कुल 31,594 और 16 जनवरी 20,018 लोगों को टीका लगा। तीन जनवरी से शुरू किशोरों के टीकाकरण के लिए विद्यालयों, सिगरा स्टेडियम, एलटी कॉलेज के साथ ही मदरसों में भी कैंप लगाया जा रहा है।
पढ़ेंः रेलवे अंडरब्रिज के नीचे मिली बम जैसी इलेक्ट्रानिक डिवाइस, तीन घंटे बंद रहा रेल परिचालन