कोरोना अपडेट: वाराणसी में संक्रमण दर में गिरावट जारी, आज मिले 518 नए मरीज, अब 3869 एक्टिव केस
वाराणसी में गुरुवार को कोरोना के 518 नए मिले और 795 लोग स्वस्थ हुए। राहत की बात यह है कि संक्रमण दर में गिरावट जारी है। अब एक्टिव मामलों की संख्या 3869 है।
विस्तार
वाराणसी में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में बुधवार की तुलना में गुरुवार को थोड़ी कमी आई। गुरुवार को पुलिस कमिश्नर आवास, आईएमएस बीएचयू में डॉक्टर समेत अन्य जगहों से कुल 518 नए मरीज मिले हैं। इसमें से केवल दो ही मरीज ऐसे हैं, जिन्हें कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इसके साथ ही पहले से होम आईसोलेशन में रहने वाले 795 लोगों को स्वस्थ घोषित किया गया जबकि पांच लोगों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। कोरोना मरीजों की संख्या जिस तरह बढ़ती जा रही थी, उसमें गुरुवार को संख्या कम रहने की वजह से थोड़ी राहत जरूर हुई।
स्वास्थ्य विभाग को मिली 7302 सैंपल की रिपोर्ट मिली, जिसमें 6784 की रिपोर्ट निगेटिव आई जबकि 518 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसमें 70 से अधिक महिलाएं, 18 साल से कम उम्र के 15 बच्चे भी शामिल हैं। तीसरी लहर में कुल 7496 मरीजों में 3627 के डिस्चार्ज होने के बाद एक्टिव मरीजों का आंकड़ा भी चार हजार से कम आकर 3869 आ गया है।
इस तरह संक्रमण दर जहां 7.09 प्रतिशत रहा वहीं रिकवरी रेट 48.39 प्रतिशत रहा। इस समय अस्पतालों में कुल 17 मरीज भर्ती हैं।
पढ़ेंः नाइट कर्फ्यू में बिना मेडिकल कारण के निकले तो होगी कार्रवाई, पहले की तरह ही लागू रहेंगे सभी प्रतिबंध