पूर्वांचल में कोरोना का अलर्ट, चीन से आए मेडिकल के छात्र पहुंचे अस्पताल तो फिर मच गया हड़कंप
चीन में फैले कोरोना वायरस को लेकर अलर्ट के बीच जिले में पहुंचे दो छात्रों का सैंपल मंगलवार को जांच के लिए जौनपुर जिला अस्पताल पहुंचा तो हड़कंप मच गया। हालांकि इनकी प्राथमिकी जांच रिपोर्ट निगेटिव पाई गई है। बावजूद इसके स्वास्थ्य विभाग की ओर से संदिग्ध मानकर दोनों छात्रों का सैंपल लखनऊ भेज दिया गया। इनकी रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्यवाही की जाएगी। उधर, अलर्ट को देखते हुए जिले में ऐसे करीब 14 लोग हैं, जो विभिन्न कारणों से चीन आते-जाते रहते हैं। उन सब पर नजर रखी जा रही है। फिलहाल किसी में वायरस के संक्रमण नहीं मिले हैं।
क्षेत्र के उमरी कला गांव निवासी दो छात्र चीन के जुझाऊ शहर में रहकर एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे हैं। दोनों तृतीय वर्ष के छात्र हैं। चीनी में कोरोना वायरस के संक्रमण के बाद सभी भारत लौट रहे हैं। मंगलवार को दोनों युवक भी गांव पहुंचे। चीन से उनके घर आने की सूचना मिली तो महराजगंज सीएचसी के चिकित्सक डॉ.रमेश व अरविंद पांडेय की टीम गांव पहुंच गए। दोनों के ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
सीएमओ डॉ.रामजी पांडेय ने बताया कि वायरस का संक्रमण चीन के वुहान शहर में है। दोनों छात्र जुझाऊ शहर में रह रहे थे। उनकी जांच की प्रारंभिक रिपोर्ट निगेटिव आई है। सैंपल लखनऊ भेज दिया गया है।इसके साथ ही दोनों ही छात्रों पर नजर रखी जा रही है। कोरोना वायरस को लेकर अलर्ट पहले ही घोषित किया गया है। इनके लिए स्वास्थ्य अधिकारियों के अलावा आशाओं को भी लगाया गया है। ताकि वह ऐसे लोगों की सूचना तत्काल दें।
जिला अस्पताल में बना दस बेड का आइसोलेशन वार्ड
कोरोना वायरस के खतरे से निपटने के लिए जिले का स्वास्थ्य महकमा अलर्ट हो गया है। जिला अस्पताल में दस बेड का आइसोलेशन वार्ड स्थापित करते हुए एक डॉक्टर के नेतृत्व में तीन सदस्यीय गठित की गई है। यह टीम संदिग्धों की जांच करेगी और उन्हें वार्ड में रखकर 24 घंटे निगरानी करेगी।
चीन में कोरोना वायरस के कहर के बाद वहां रह रहे भारतीय घर लौट रहे हैं। जिले में भी ऐसे 14 लोग हैं, जिनका चीन से बराबर आना-जाना लगा रहता है। उन पर विभाग विशेष तौर पर नजर बनाए हुए हैं। मंगलवार को महराजगंज में दो छात्रों के चीन से लौटने के बाद उनकी जांच कराई गई। अब तक किसी में भी वायरस के संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है। ऐहतियात के तौर पर स्वास्थ्य विभाग ने जिला अस्पताल में दस बेड का आइसोलेशन वार्ड स्थापित किया है।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ.एके शर्मा ने बताया कि शासन के निर्देश के बाद अस्पताल में दस बेड का आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। डॉ.वीएस यादव के नेतृत्व में एक फार्मासिस्ट व पैथोलॉजिस्ट की ड्यूटी लगाई है। सीएमओ से जांच किट, मॉस्क आदि की डिमांड की गई है। फिलहाल जिले में कोई केस पॉजीटिव नहीं आया है। उधर, डीएम दिनेश कुमार सिंह का कहना था कि वायरस को लेकर अलर्ट है। स्वास्थ्य केंद्रों पर जरुरी इंतजाम करने को कहा गया है। चीन से आने वाले हर शख्स की जांच कराई जाएगी।