Corona in Varanasi: कोरोना से मौत का बढ़ा ग्राफ, अब तक 251 हारे जंग, इतने मिले पाजिटिव
वाराणसी में कोरोना संक्रमण के साथ ही मौत का ग्राफ भी लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को बीएचयू में भर्ती एक मरीज की मौत के बाद मरने वालों का आंकड़ा 251 पहुंच गया है। इसके अलावा जिला महिला अस्पताल कबीरचौरा डॉक्टर्स कालोनी, भिटारी, नेवादा, महमूरगंज सहित अन्य जगहों पर 82 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।
शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से 3745 सैंपल की रिपोर्ट मिली है, जबकि जिला महिला अस्पताल कबीरचौरा, मंडलीय अस्पताल, बीएचयू समेत अन्य जगहों से 4294 का सैंपल लिया गया। सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि बीएचयू में भर्ती 62 वर्षीय कादीपुर शिवपुर निवासी मरीज की मौत हुई है।
इसके अलावा जल निगम विभाग, अस्सीघाट, सोनारपुरा, जगतगंज, होमी भाभा कैंसर अस्पताल, सेंट्रल जेल सिकरौल, रामकटौरा, सरायनंदन महमूरगंज, पंचवटी, कबीरनगर, रमना, काशीराज अपार्टमेंट, जवाहर नगर एक्सटेंशन, जाल्हूपुर, चौबेपुर आदि जगहों से मरीज मिले हैं। होम आईसोलेशन में 193 लोग स्वस्थ हुए जबकि चार लोग अस्पताल से डिस्चार्ज हुए। अब कुल 15597 मरीजों में 14331 डिस्चार्ज, 251 की मौत के बाद 1015 एक्टिव केस हैं।
टीकाकरण से वंचित बच्चों की बन रही सूची
वाराणसी में कोरोना काल में बच्चों का समय से टीकाकरण कराने के लिए लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। बच्चों के साथ ही गर्भवती महिलाओं को भी टिटनेस से बचाव के लिए टीके लगाए जाते हैं। अभी भी जिले में बहुत से बच्चे टीकाकरण से वंचित हैं। अब स्वास्थ्य विभाग की ओर से इनकी सूची तैयार करायी जा रही है। जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने लोगों से पांच साल तक के बच्चों के टीकाकरण में लापरवाही न बरतने की अपील की है।
साथ ही स्वास्थ्य विभाग को गर्भवती महिलाओं और बच्चों की सूची को अपडेट कर आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से इनकी निगरानी करते रहने को कहा है। सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि जन्म के समय लगने वाले बीसीजी, पोलियो और हेपेटाइटिस-बी के टीके प्रसव के तुरंत बाद अस्पताल में ही लगाए जाते हैं।