जिले में कोरोना मरीजों की संख्या के साथ ही मौत का ग्राफ भी कम नहीं हो रहा है। बुधवार को दो मरीजों की मौत के बाद अब मौत का आंकड़ा 300 पहुंच गया है। एनडीआरएफ बटालियन, आईएमएस बीएचयू समेत अलग-अलग जगहों से 81 मरीज मिले हैं।
जैसे-जैसे कोरोना के मरीज बढ़ते जा रहे हैं, वैसे-वैसे सैंपलिंग पर विशेष जोर दिया जा रहा है। पिछले दिनों शासन ने भी वीडियो कांफ्रेंसिंग में अधिक से अधिक सैंपल, कांटेक्ट ट्रेसिंग करने की बात कही थी। पिछले तीन-चार दिनों से हर दिन 4000 से अधिक लोगों की जांच की जा रही है। बुधवार को भी रेलवे स्टेशन समेत अलग-अलग जगहों से कुल 4091 लोगों की जांच की गई, जबकि स्वास्थ विभाग को कुल 4512 रिपोर्ट मिली है। सीएमओ डॉक्टर वीबी सिंह ने बताया कि बीएचयू में भर्ती भुल्लनपुर निवासी 76 वर्षीय महिला और सिगरा निवासी 55 वर्षीय पुरुष ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके अलावा 11वी एनडीआरएफ बटालियन में दो, बीएचयू अस्पताल, आईएमएस बीएचयू में एक लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही बंगाली टोला, दुर्गाकुंड रॉयल रेजिडेंसी मंडुवाडीह, नगवा, शिवाजी नगर कॉलोनी, बीएलडब्ल्यू, भिटारी, चांदपुर, चौबेपुर, मारुति नगर कॉलोनी, लक्ष्मणपुर में नए मरीज मिले हैं। बुधवार को 35 लोग होम आइसोलेशन में स्वस्थ घोषित किए गए। दो लोगों को अस्पतालों से डिस्चार्ज किया गया है। कुल मरीजों की संख्या 18700 में 17618 डिस्चार्ज और 300 की मौत के बाद अब 782 एक्टिव केस हैं।