Varanasi: चीनी मंझे से कटी कांग्रेस नेता की नाक, सर्किट हाउस के इलेक्ट्रिशियन का गला जख्मी
रास्ते और सड़कों पर पोल और पेड़ में उलझकर लटक रहा चीन मांझा अब राहगीरों को घायल कर रहा है।प्रतिबंधित चीनी मांझा पर कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है। बुधवार को वाराणसी में दो लोग चीनी मांझे की जद में आकर घायल हो गए।
विस्तार
वाराणसी के चौकाघाट-लहरतारा फ्लाईओवर पर बुधवार को चीनी मंझे से कांग्रेस नेता फसाहत हुसैन बाबू (50 वर्ष) की नाक कट गई। उन्हें साथियों ने लहरतारा स्थित रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी नाक पर दो टांके लगे। अर्दली बाजार निवासी महानगर कांग्रेस उपाध्यक्ष फसाहत हुसैन बाबू कांग्रेस के कैंप कार्यालय में बैठक के लिए बाइक से जा रहे थे।
लहरतारा फ्लाईओवर से उतर रहे थे कि अचानक चीनी मंझे की जद में आ गए। पार्षद विनय शादेजा, हसन मेंहदी कब्बन, आशीष पाठक ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पाकर पहुंचे जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल, उपाध्यक्ष विश्व विजय सिंह आदि ने चीनी मंझे की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की मांग की।
इलेक्ट्रिशियन का चीनी मंझे से गला जख्मी
भोजूबीर के पास सर्किट हाउस के इलेक्ट्रिशियन शेष नारायण दुबे (52 वर्ष) चीनी मंझे से घायल हो गए। बाइक सवार शेष नारायण का गला जख्मी हो गया। संयोग रहा कि पास से गुजर रही कार के बोनट से मंझा फंसकर टूट गया। सर्किट हाउस के पीछे कर्मचारी आवास निवासी शेष नारायण दुबे के अनुसार वह किसी काम से गिलट बाजार गए थे। घर लौटते समय चीनी मंझे की चपेट में आ गए।
पतंग की दुकान से 41 किलो चीनी मंझा बरामद
लहंगपुरा में पतंग की दुकान पर छापा मारकर सिगरा पुलिस ने साढ़े 41 किलो चीनी मंझा बरामद किया। इस दौरान दुकानदार समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। बुधवार को दोनों आरोपियों को जेल भेजा गया। सिगरा इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सोनू निवासी चंदुआ छित्तूपुर और औरंगाबाद लक्सा निवासी निखिल यादव को जेल भेजा गया।
लहंगपुरा स्थित दुकान पर निखिल प्रतिबंधित चीनी मंझे की बिक्री कर रहा था। सूचना पर तस्दीक कराने के बाद छापा मारा गया। दुकान के अंदर से बोरी में भरा साढ़े 41 किलो प्रतिबंधित चीनी मंझा बरामद हुआ। सिगरा इंस्पेक्टर के अनुसार सभी चौकी प्रभारियों और बीट आरक्षी को निर्देशित किया गया है कि किसी के क्षेत्र में चीनी मंझे की बिक्री न होने पाए।