LPG Crisis: कॅमर्शियल सिलिंडर के लिए रोज आ रही 70 बुकिंग, मिल रहे केवल तीन; मांग पूछकर दिए जा रहे गैस
Varanasi News: रसोई और कॅमर्शियल गैस की किल्लत कम होने का नाम नहीं ले रही है। इस कारण कई लोग अपनी दुकानें नहीं खोल पा रहे हैं। उनका कहना है कि जुगाड़ लगाने पर सिलिंडर के दाम दो से तीन गुना कर दिए जा रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News: वाराणसी जिले में कॅमर्शियल गैस सिलिंडरों की आपूर्ति अब तक पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी है, जिससे उपभोक्ताओं को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मांग के मुकाबले आपूर्ति कम होने के कारण व्यापारियों से लेकर छोटे प्रतिष्ठानों तक पर इसका असर साफ दिखाई दे रहा है।
जानकारी के अनुसार, वर्तमान में प्रतिदिन करीब 60 से 70 बुकिंग कॅमर्शियल सिलिंडरों के लिए की जा रही हैं। एक-एक आवेदन में उपभोक्ता अपनी आवश्यकता के अनुसार 5 से 25 सिलिंडर तक की मांग कर रहे हैं, लेकिन सीमित उपलब्धता के चलते गैस एजेंसियां प्राथमिकता के आधार पर प्रति आवेदक अधिकतम तीन सिलिंडर ही उपलब्ध करा पा रही हैं।
उपभोक्ता हो रहे परेशान
प्रशासन की ओर से यह सुनिश्चित करने के लिए सख्ती बरती जा रही है कि गैस सिलिंडर केवल वास्तविक जरूरतमंदों तक ही पहुंचे। इसके लिए आवेदकों के दस्तावेजों और जरूरत से संबंधित साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है। बावजूद इसके, सीमित आपूर्ति के कारण कई उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
गैस एजेंसियों के बाहर रोजाना लोगों की भीड़ देखी जा रही है। होटल, ढाबा और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालक गैस की कमी से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं, क्योंकि उनके कामकाज पर सीधा असर पड़ रहा है। एजेंसी संचालकों का कहना है कि उन्हें गैस कंपनियों से पर्याप्त मात्रा में सिलिंडर नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे वे उपभोक्ताओं की मांग पूरी करने में असमर्थ हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी केबी सिंह ने बताया कि कॅमर्शियल गैस सिलिंडरों की कमी का मुख्य कारण कंपनियों द्वारा पर्याप्त आपूर्ति न किया जाना है। उन्होंने कहा कि प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और उपलब्ध संसाधनों के आधार पर अधिक से अधिक लोगों तक गैस पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि जैसे ही आपूर्ति में सुधार होगा, स्थिति सामान्य हो जाएगी। फिलहाल उपभोक्ताओं से धैर्य बनाए रखने और जरूरत के अनुसार ही सिलिंडर लेने की अपील की गई है।