काशी में सीएम योगी : बोले- डीएम ने बांटे हैं आपके शादी के कार्ड..., हम सब शामिल हो रहे; पढ़ें पूरी खबर
वाराणसी में सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल होकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बेटियों का सम्मान और सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। कहा कि प्रदेश में अब तक चार लाख से अधिक बेटियों की शादियां कराई जा चुकी हैं।
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को पिंडरा में 401 वैवाहिक जोड़ों को आशीर्वाद दिया और कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि आपकी शादी के कार्ड जिले के डीएम ने बांटे हैं। हम सब शादी समारोह में शामिल हो रहे हैं। आपकी शादी में शामिल होकर गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। अगर आप सब यही शादी घर से कर रहे होते तो हम सब शामिल नहीं हो सकते थे।
मुख्यमंत्री शनिवार को पिंडरा के नेशनल इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में हिस्सा लेने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि यूपी में अब तक चार लाख से ज्यादा बेटियों की शादी हो चुकी है। नए भारत में महिलाओं का सम्मान बढ़ा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ मुहिम शुरू की, तब से बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर खुद को साबित कर रही हैं। बेटियों का संरक्षण हर हाल में हो, उन्हें बचाया-पढ़ाया जा सके। डबल इंजन की भाजपा सरकार का संकल्प है कि हर हाल में बेटी और उसके सम्मान की रक्षा हो।
मुख्यमंत्री ने कुछ जोड़ों को मंच पर दिए उपहार
मुख्यमंत्री ने मंच पर कुछ नवविवाहित जोड़ों को उपहार भी दिए। उन्होंने साधना-अभिषेक, पूनम-अजय, प्रिया-शनि, ज्योति-कृष्णदत्त, अनीषा-राहुल, सविता-कुलदीप, वंदना-धर्मराज को उपहार दिए। ग्रामीण मॉल सेफ योजनांतर्गत के तहत चयनित बिंदू , बाबी सिंह, प्रमिला, पूजा सोनकर व माधुरी को चाबी प्रदान दी। इसके बाद विवाह स्थल पर पहुंचकर विवाहित जोड़ों पर पुष्पवर्षा की।
चार लाख से अधिक बेटियों की कराई जा चुकी हैं शादियां
इनकी रही मौजूदगी: यूपी सरकार में मंत्री रविंद्र जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, एमएलसी धर्मेंद्र राय, एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, पूर्व सांसद सुब्रत पाठक, विधायक डॉ अवधेश सिंह, सौरभ श्रीवास्तव, सुनील पटेल, टी राम, सुशील सिंह, पूर्व सांसद डॉ बीपी सरोज, कमिश्नर कौशल राज शर्मा, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, डीएम एस राजलिंगम, सीडीओ हिमांशु नागपाल।
मुख्यमंत्री ने प्रतीकात्मक रूप से साधना-अभिषेक, पूनम-अजय, प्रियाकुमारी, ज्योति-कृष्ण दत्त, अनिशा- राहुल, सविता पटेल-कुलदीप व वंदना धर्मराज जोड़ो को उपहार दिए। सामूहिक विवाह कार्यक्रम में स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, एमएलसी धर्मेंद्र राय, एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, विधायक सुनील पटेल, विधायक टी राम, विधायक सुशील सिंह, पूर्व सांसद डॉ बी.पी. सरोज के अलावा कमिश्नर कौशल राज शर्मा, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी एस. राजलिंगम, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल आदि लोग प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
विरोध करने जा रहे कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष हिरासत में
मुख्यमंत्री का विरोध करने सामूहिक विवाह स्थल पर जा रहे कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष राजीव कुमार को पुलिस ने काजिसराय से हिरासत में ले लिया। कार्यक्रम होने तक उन्हें फूलपुर थाने में बैठाकर रखा गया। मुख्यमंत्री के जाने के बाद उन्हें छोड़ा गया। इस बीच विधि विभाग के जिलाध्यक्ष लोकेश सिंह, अनुसूचित जनजाति विभाग के जिलाध्यक्ष बृजेश कुमार जैसल, रिशु सिंह, रविंद्र कुमार, राकेश कनौजिया, भानु प्रताप समेत अन्य कार्यकर्ता थाने पहुंच गए और विरोध जताया।