UP: सांसद अरुण ने जंतर-मंतर पर विपक्ष को घेरा, कहा- हम युवाओं के साथ हैं; स्नातक MLC चुनाव में जीत का दावा
Varanasi News: वाराणसी में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में यूपी प्रभारी एवं जमुई सांसद अरुण भारती ने स्नातक एमएलसी चुनाव में ऐतिहासिक जीत का दावा किया। उन्होंने जंतर-मंतर आंदोलन पर विपक्ष पर राजनीति करने का आरोप लगाया, पेपर लीक रोकने के लिए विशेष व्यवस्था की मांग की और पार्टी के जनसंपर्क अभियान को तेज करने पर जोर दिया।
विस्तार
UP Politics News: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने आगामी स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर शुक्रवार को कमिश्नरी सभागार में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन आयोजित किया। सम्मेलन में पार्टी नेताओं ने शिक्षित वर्ग के सहयोग से चुनाव में ऐतिहासिक जीत का दावा करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का आह्वान किया। इस दौरान जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन, पेपर लीक और उत्तर प्रदेश की राजनीति समेत कई मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं जमुई सांसद अरुण भारती ने कहा कि जंतर-मंतर पर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हर युवा के साथ उनकी पार्टी खड़ी है, लेकिन वहां पहुंचकर राजनीतिक दलों द्वारा राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ दल युवाओं के आंदोलन को अपनी राजनीति का माध्यम बना रहे हैं और देश का भविष्य राजनीतिक स्वार्थ का शिकार हो रहा है।
अरुण भारती ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ विपक्षी दल जंतर-मंतर पर भीड़ जुटने का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पहले विदेश दौरे पर थे, जबकि कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी देश से बाहर यात्रा पर थे। आंदोलन ने गति पकड़ी और भीड़ बढ़ी तो दोनों नेता धरनास्थल पहुंच गए। उन्होंने कहा कि युवाओं के मुद्दों पर राजनीति करने के बजाय समाधान निकालने की दिशा में काम होना चाहिए।
पेपर लीक की घटनाओं का उल्लेख करते हुए सांसद ने कहा कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए विशेष व्यवस्था बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए सभी पक्षों को एक मंच पर बैठकर गंभीर चर्चा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों में राजनीति से ऊपर उठकर निर्णय लेने की जरूरत है।
उन्होंने बताया कि पार्टी दलित चौपाल, चाणक्य चौपाल और प्रबुद्ध चौपाल जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों में लोगों की समस्याएं सुन रही है। साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान द्वारा उठाए जा रहे मुद्दों पर भी आम जनता से संवाद किया जा रहा है। उनका कहना था कि पार्टी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी समस्याओं का समाधान कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
सम्मेलन की अध्यक्षता स्नातक एमएलसी प्रत्याशी एवं प्रभारी प्रशांत कुमार श्रीवास्तव 'पिंटू' ने की। उन्होंने कहा कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव केवल प्रतिनिधि चुनने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि शिक्षित समाज की आवाज को विधान परिषद तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। अधिवक्ता, शिक्षक, इंजीनियर और अन्य शिक्षित वर्ग समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं, इसलिए ऐसा प्रतिनिधि चुना जाना चाहिए जो उनकी समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाकर समाधान दिला सके।
उन्होंने कहा कि स्नातक वर्ग, अधिवक्ताओं, शिक्षकों और बुद्धिजीवियों की सक्रिय भागीदारी से ही शिक्षित समाज को मजबूत प्रतिनिधित्व मिल सकता है। उन्होंने सभी स्नातक मतदाताओं से आगामी चुनाव में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के पक्ष में मतदान करने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की अपील की।
अपने संबोधन में अरुण भारती ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के नेतृत्व में पार्टी समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के सम्मान, अधिकार और विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ रहा है और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी सभी 403 सीटों पर मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी।
सम्मेलन में वक्ताओं ने सामाजिक न्याय, समान अवसर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, युवाओं के रोजगार और समग्र विकास के मुद्दों पर पार्टी की प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही जनसंपर्क अभियान तेज कर अधिक से अधिक स्नातक मतदाताओं तक पार्टी की नीतियों और विचारों को पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय प्रवक्ता धीरेन्द्र मुन्ना, महानगर अध्यक्ष शिवपूजन सिंह, डॉ. एन.जे. जैन, प्रधान महासचिव आयुषी गहरवार, प्रदेश महासचिव अभिषेक श्रीवास्तव, ब्रजेश पांडेय, कमलेश तिवारी, अवधेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।