फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi Teenager drowns bathing Ganges despite knowing swim allegation misdeed minor in hotel room

वाराणसी की खबरें: गंगा में नहाते समय किशोर डूबा, जानता था तैरना; होटल के कमरे में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप

Sun, 27 Sep 2026 11:25 PM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Aman Vishwakarma Updated Sun, 27 Sep 2026 11:25 PM IST
सार

वाराणसी में लंका थाना क्षेत्र के रविदास घाट पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक नहाते वक्त गंगा में डूब गया। लोगों ने बताया कि उसे तैरना आता था। वहीं, कैंट थाना क्षेत्र निवासी छात्रा से कमरे में जबरदस्ती करने का मामला सामने आया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन

विस्तार

प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क मंत्री रविंद्र जायसवाल शनिवार को मृतक अनुज कुमार पटेल के घर शिवपुर पहुंचे। पिता अमरनाथ पटेल समेत परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। परिवार को शासन स्तर से हरसंभव मदद और आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा दिया। मंत्री ने एडीएम वित्त डॉ. सदानंद गुप्ता को कार्रवाई के निर्देश दिए। परिजनों से मुलाकात के बाद मंत्री ने गिलट बाजार से तरना पुल तक सड़क सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। घनी आबादी वाले मार्ग पर वाहनों की तेज रफ्तार से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को स्पीड ब्रेकर लगाने के निर्देश दिए। इस दौरान एडीएम वित्त डॉ. सदानंद गुप्ता, तहसीलदार सदर आशीष सिंह, क्षेत्रीय लेखपाल, मंडल अध्यक्ष विवेक पांडेय मौजूद रहे। 

विज्ञापन


गंगा में नहाते समय किशोर डूबा, जानता था तैरना
लंका थाना क्षेत्र के रविदास घाट पर बीती शाम गंगा में स्नान करने के दौरान शिवम विश्वास (16) गहरे पानी में डूब गया। शिवम तैरना जानता था, लेकिन गंगा की तेज धारा में आने के बाद बह गया। पुलिस मौके पर पहुंची और एनडीआरएफ  की मदद से तलाश शुरू कराई। अंधेरा होने और गंगा में तेज बहाव के कारण शनिवार रात सर्च अभियान रोकना पड़ा। अब रविवार को दोबारा तलाश अभियान चलाया जाएगा। सूचना मिलने पर पिता उज्ज्वल विश्वास भी रविदास घाट पहुंचे। वह नगवा क्षेत्र में पत्नी और दो बेटों के साथ रहते हैं। परिजनों के अनुसार, शिवम शादी-विवाह में खाना बनाने वाले कारीगरों के साथ काम करता है। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि खोजबीन जारी है।
विज्ञापन


होटल के कमरे में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप
कैंट थाना क्षेत्र निवासी छात्रा को अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर बहलाकर ले जाने और होटल के कमरे में जबरदस्ती करने का मामला सामने आया है। छात्रा की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी राहुल के खिलाफ प्राथमिकी दर्जकी। तहरीर के मुताबिक, छात्रा कक्षा छह में पढ़ती है। 25 सितंबर को सुबह 11:30 बजे राहुल उसे अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर अपने साथ ले गया। शाम करीब 5:30 बजे छात्रा घर लौटी। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

जहर खाने वाली युवती के सेहत में सुधार
कचहरी परिसर में शनिवार को जहर खाने वाली युवती की सेहत में सुधार है। बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार, पहले से उसकी तबीयत ठीक है। सुधार के बाद उससे पूछताछ की जाएगी। युवती दुष्कर्म पीड़िता है, इस मामले में आरोपी जेल में बंद है। पालघर महाराष्ट्र निवासी युवती का इंस्टाग्राम पर सारनाथ क्षेत्र निवासी युवक से संपर्क हुआ। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग रहा। युवक ने शादी से इन्कार कर दिया। युवती ने दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज कराई। आरोपी को जेल भेजा गया। कचहरी परिसर में उसी मामले में युवती आई थी। वह चाहती है कि उसे लड़के के घरवाले स्वीकार कर लें। इस बात को लेकर उसने कचहरी परिसर में विषाक्त का सेवन कर लिया था। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि उसकी हालत पर पुलिस की नजर बनी है। 

विश्वकर्मा समाज के महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा सपा के यूपी सचिव नियुक्त
विश्वकर्मा समाज के महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा को समाजवादी पार्टी का उत्तर प्रदेश सचिव नियुक्त किया गया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उनकी ईमानदारी और दल के प्रति निष्ठा को देख जिम्मेदारी सौंपी है। शर्मा पूर्व में महानगर संगठन में महानगर अध्यक्ष भी रह चुके हैं। जनवरी 2024 में उन्हें राज्य कार्यकारिणी में सदस्य बनाया गया था। शर्मा जनता के बीच सक्रिय रहे और हर आंदोलन में प्रमुख भूमिका निभाई। उनकी नियुक्ति से विश्वकर्मा समाज और पार्टी कार्यकर्ता उत्साहित हैं। सांसद वीरेंद्र सिंह,  रामआसरे विश्वकर्मा, मनोज राय, सुरेंद्र पटेल, आशुतोष सिन्हा, लाल बिहारी यादव ने बधाई दी है। 

तरना फ्लाईओवर से गिलट बाजार के बीच कट पर लगेंगी रंबल स्ट्रिप्स
बाबतपुर एयरपोर्ट को जोड़ने वाले शिवपुर तरना बाईपास पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर डीसीपी वरुणा राजेश कुमार पांडेय ने शनिवार को निरीक्षण किया। तय हुआ कि तरना फ्लाईओवर से गिलट बाजार के बीच कट पर रंबल स्ट्रिप्स लगाई जाएगी। 

दो दिन पहले इसी मार्ग पर सड़क दुर्घटना में युवक की मौत हो गई थी। डीसीपी वरुणा राजेश पांडेय ने बताया कि दुर्घटना की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों को चिह्नित किया गया। कट वाले स्थानों पर विशेष ध्यान दिया गया। रंबल स्ट्रिप्स के साथ कैटआई भी लगाई जाएंगी। ताकि रात को ये स्थान स्पष्ट रूप से दिखाई देंगे। फ्लाईओवर के बीच डिवाइडर या बैरियर में बने कट वाले स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे। इन बोर्ड पर दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र और गति कम करें लिखा होगा। आवश्यकतानुसार अन्य रोड सेफ्टी साइन भी लगाए जाएंगे। 

25 गर्भवती माताओं का पुंसवन संस्कार
गायत्री परिवार के सहयोग से इनरव्हील क्लब ऑफ वाराणसी सेंट्रल ने शनिवार को 25 गर्भवती माताओं का पुंसवन संस्कार और गोद भराई समारोह हुआ। रविंद्रपुरी लेन नंबर 14 में माताओं का स्वास्थ्य परीक्षण हुआ। 

नीलम गुप्ता, हीरावती सिंह और रजनी पाठक ने पुंसवन संस्कार संपन्न कराए। माताओं को देसी गुड़-चना, मूंग की दाल और ताजे फल वाली पोषण थाली भेंट की गई। साथ ही उन्हें आने वाले   भविष्य के लिए जागरूक रहने को कहा गया। नीलम गुप्ता ने कहा कि   गर्भावस्था में मां के विचार, वातावरण और खान-पान का विशेष महत्व है। इससे काफी लाभ मिलता है। 

प्रतापगढ़ जाने से रोके गए सपा विधायक तूफानी सरोज, नाराजगी
प्रतापगढ़ में थाने के लॉकअप में युवक की मौत के बाद पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे समाजवादी पार्टी के केराकत विधायक तूफानी सरोज को पुलिस प्रशासन ने रोक दिया। शुक्रवार रात करखियांव-कठेरवा स्थित उनके आवास पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। इसकी जानकारी होने पर बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए। विधायक तूफानी सरोज ने आरोप लगाया कि सरकार प्रशासन के माध्यम से उन्हें पीड़ित परिवार से मिलने से रोक रही है। 

उन्होंने कहा कि इससे पहले किसी भी सरकार में जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधिमंडल को पीड़ित परिवार से मिलने से नहीं रोका गया। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था का हनन बताया। इस दौरान विधायक के आवास पर जिला पंचायत सदस्य सिकंदर मिश्रा, प्रदेश सचिव कमलेश पटेल, विधानसभा अध्यक्ष मनोज यादव, डॉ. संतोष यादव, बंसलाल पटेल, मनीष यादव, सुरेश यादव, संजय यादव, उत्कर्ष यादव और शिवकुमार राजभर समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

त्याग, सत्य और शील से बनता है रामत्व, नई पीढ़ी तक पहुंचने पर जोर
रामकथा की परंपरा, भारतीय संस्कृति और वर्तमान जीवन-मूल्यों में रामत्व की प्रासंगिकता पर बीएचयू में दो दिन तक मंथन हुआ। भारत अध्ययन केंद्र और भारतीय दार्शनिक अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय संगोष्ठी के दूसरे दिन राष्ट्रनिर्माण, आधुनिक जीवन-मूल्य, भारतीय इतिहास दृष्टि तथा शिक्षा पर विद्वानों ने विचार रखे। वक्ताओं ने रामत्व को त्याग, सत्य, मर्यादा, अनुशासन और लोकमंगल जैसे मानवीय मूल्यों से जोड़ा।

बीएचयू के भारत अध्ययन केंद्र एवं भारतीय दार्शनिक अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी के दूसरे और समापन दिवस पर चार तकनीकी सत्र हुए। संगोष्ठी का विषय भारतीय संस्कृति की जय-यात्रा और रामत्व की प्रतिष्ठा (वाल्मीकि, तुलसीदास और कुबेरनाथ राय के साहित्य के विशेष संदर्भ में) था।

संगोष्ठी में प्रो. देवशंकर नवीन ने कहा कि श्रीराम ने त्याग, सत्य और शील के माध्यम से जिस रामत्व को प्रदर्शित किया, वर्तमान समय में मनुष्यों को भी उन मूल्यों को अपनाने की जरूरत है। समापन सत्र की अध्यक्षता प्रो. केके सिंह ने की। मुख्य अतिथि प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि सभ्यता यदि शरीर है तो संस्कृति उसकी आत्मा है।  सारस्वत अतिथि प्रो. श्रीकिशोर मिश्र रहे।

काल भैरव का विवाह उत्सव मनाया गया 
प्राचीन पांचों पांडव मंदिर में काल भैरव का शृंगार कर विवाह उत्सव धूमधाम से मनाया गया। मंदिर को फूल-मालाओं और विद्युत झालरों से सजाया गया था। काल भैरव बाबा का विशेष फूलों और वस्त्रों से आकर्षक शृंगार किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बाबा का विवाह हुआ। भक्तों ने दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। भजन-कीर्तन हुआ। शृंगार में कमलेश केशरी, मनोज तिवारी, चंदन यादव, बाल गोविन्द, वीरेंद्र गुप्ता, त्रिलोकी नाथ निरंकारी, पवन सराफ, राज कुमार सरोज आदि रहे। 

बीएचयू में साइबर सुरक्षा और मानवाधिकार पर मंथन
डिजिटल तकनीक के तेजी से बदलते दौर में साइबर अपराध, डीपफेक, डिजिटल साक्ष्य और व्यक्तिगत अधिकारों की सुरक्षा नई कानूनी चुनौती बनकर सामने आ रही है। इन मुद्दों पर चर्चा के लिए काशी हिंदू विश्वविद्यालय के विधि संकाय में शनिवार को साइबर सुरक्षा, फॉरेंसिक विधि एवं मानवाधिकार विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला हुई।

विशेषज्ञों ने तकनीक, कानून और मानवाधिकारों के बदलते संबंधों पर विद्यार्थियों के साथ चर्चा की। अपर पुलिस अधीक्षक नम्रता श्रीवास्तव ने प्रतिभागियों को साइबर अपराध की जांच के दौरान आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों और जांच की प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। प्रो. अतुल कुमार पाण्डेय ने ऑनलाइन उपलब्ध सामग्री को लेकर सतर्क और आलोचनात्मक दृष्टिकोण अपनाने की जरूरत बताई। 

हाइब्रिड तकनीक के लिए हाइब्रिड कानून विकसित करने पर जोर दिया। संचालन एनएलआईयू भोपाल के प्रो. अतुल कुमार पांडेय और डाटा सिक्योरिटी काउंसिल ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष वेंकटेश मूर्ति ने किया। कार्यशाला में डिजिटल माध्यम में फोटो के उपयोग और दुरुपयोग, डीपफेक, डिजिटल साक्ष्य के नियमन और फॉरेंसिक जांच पर चर्चा हुई। 

बीएचयू में रासेयो स्वयंसेवकों शिक्षकों ने किया रक्तदान
बीएचयू में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की ओर से लगाए गए रक्तदान शिविर में स्वयंसेवकों, शिक्षकों ने बढ़चढ़कर भागीदारी की। कृषि विज्ञान संस्थान स्थित शताब्दी प्रेक्षागृह में रक्तदान करने के साथ ही लोगों ने जरूरतमंद मरीजों की सेवा करते रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बीएचयू के कुलसचिव राजन श्रीवास्तव, छात्र अधिष्ठाता रंजन कुमार सिंह, कृषि विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. विनोद कुमार मिश्रा  मौजूद रहे। 

यूपी हेल्थ रैंकिंग में वाराणसी को मिला 0.81 स्कोर, प्रदेश में पहला स्थान
स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रदेश स्तर से जाने वाली हेल्थ रैंकिंग डैशबोर्ड में अगस्त 2026 के आंकड़ों में वाराणसी जिले को प्रदेश के सभी जनपदों में प्रथम स्थान मिला है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुविधा मुहैया कराने के मामले में जिले का संयुक्त स्कोर 0.81 रहा जबकि जुलाई की तुलना में इसमें 30.65 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य विभाग की ओर से हर महीने हेल्थ रैंकिंग डैशबोर्ड जारी किया जाता है। 

इसमें मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, परिवार नियोजन, टीबी नोटिफिकेशन एवं एचआईवी स्क्रीनिंग सहित विभिन्न स्वास्थ्य संकेतकों के आधार पर जनपदों का प्रदर्शन दर्ज किया जाता है। अगस्त 2026 में वाराणसी के प्रमुख संकेतकों में 4 या उससे अधिक एएनसी एवं हीमोग्लोबिन जांच प्राप्त करने वाली गर्भवती महिलाओं का अनुपात 100 प्रतिशत, संस्थागत प्रसव 95.95 प्रतिशत, 70 प्रतिशत सी-सेक्शन वाले सीएचसी का संकेतक 31.01 प्रतिशत रहा। इसके अलावा 30 प्रतिशत सी-सेक्शन वाले जिला अस्पतालों का संकेतक 65.19 प्रतिशत रहा।

36 किसानों को मिले सरसों-मटर के मिनीकिट
हरहुआ ब्लॉक मुख्यालय के सभागार में शनिवार को कृषि विभाग की ओर से निशुल्क बीज वितरण एवं किसान गोष्ठी हुई। कार्यक्रम में अजगरा विधायक त्रिभुवन राम ने हरहुआ विकासखंड के विभिन्न गांवों से आए 36 किसानों को सरसों, चना और मटर के बीज मिनीकिट वितरित किए। 

किसानों को समय से रबी फसलों की बोआई करने और कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ लेने की अपील की गई। विधायक ने कहा कि तिलहनी और दलहनी फसलों की खेती किसानों की आमदनी बढ़ाने में सहायक है। 

वहीं, दलहनी और तिलहनी फसलों का रकबा बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से शनिवार को बहुउद्देशीय किसान कल्याण केंद्र चांदपुर (काशी विद्यापीठ) में चना, मटर और सरसों के बीज मिनीकिट का निशुल्क वितरण किया गया। ई-लॉटरी के माध्यम से चयनित किसानों को बीज दिए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने किया। जिला पंचायत अध्यक्ष ने किसानों से दलहनी और तिलहनी फसलों का अधिक से अधिक क्षेत्रफल में उत्पादन करने का आह्वान किया। 

 

राम गोविंद चौधरी को दी श्रद्धांजलि
गोवर्धन पूजा समिति की ओर से नमोघाट स्थित गोवर्धन धाम पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी को श्रद्धांजलि दी गई। समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने उनके निधन पर उनकी स्मृतियों को याद किया। इस दौरान समिति के संरक्षक के रूप में उनके लंबे समय से जुड़ाव को याद किया गया। उन्होंने समाज और राजनीति में भी सक्रिय भूमिका निभाई थी। गोपाल यादव, विनोद यादव, दिनेश यादव, सीताराम यादव, कैलाश यादव, भोला यादव, मनोज यादव ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी।

महिला सशक्तीकरण पर दिया जोर
विश्व पर्यटन दिवस की पूर्व संध्या पर महिला यात्रा और पर्यटन समुदाय ने छावनी स्थित एक होटल में अपने नए अध्याय का शुभारंभ किया। इसका उद्देश्य पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी और सशक्तीकरण को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में शहर की महिला पर्यटन पेशेवर, उद्यमी और उद्योग से जुड़े हितधारक शामिल हुए। होटल कारोबारी प्रदीप रॉय ने इसका उद्घाटन किया। इस दौरान पर्यटन से जुड़ी महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए और उद्योग में महिलाओं के सामने आने वाली संभावनाओं व चुनौतियों पर चर्चा की। संस्थापक अनामिका मिश्रा, शुभांगी देवरानी, जया सिंह, रातिका तिवारी, दर्शना शास्त्री मौजूद रहीं।

विद्यार्थियों को मिला प्रशिक्षण
बीएचयू के बायोकेमिस्ट्री विभाग में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन बचाने के लिए जरूरी जीवन रक्षक कौशल का प्रशिक्षण दिया गया। विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश बहादुर सिंह की मौजूदगी में हुए प्रशिक्षण सत्र में सीपीआर, आपातकालीन स्थिति में प्रारंभिक जीवन रक्षक उपाय, स्ट्रोक के चेतावनी संकेतों की पहचान, हार्ट अटैक, ट्रॉमा पीड़ित के सुरक्षित एवं उचित परिवहन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों में सर्जरी विभाग के डॉ. शशि प्रकाश मिश्रा, प्रोफेसर, जनरल सर्जरी विभाग, डॉ. मंजरी मिश्रा, डॉ. शुभी दुबे आदि ने विद्यार्थियों को यह समझाया कि किसी भी चिकित्सा आपात स्थिति में पहले कुछ मिनट अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं।

विद्युत पेंशनर्स परिषद वाराणसी के अध्यक्ष बने एके सिंह
विद्युत पेंशनर्स परिषद वाराणसी का छठवां आंचलिक सम्मेलन शनिवार को शगुन लाॅन में हुआ। मुख्य अतिथि प्रदेश के कैबिनेट अनिल राजभर रहे। सम्मेलन में वाराणसी अंचल के आगामी दो वर्षों के लिए कार्यकारिणी समिति एवं पदाधिकारियों के लिए कराए गए चुनाव में एके सिंह को अध्यक्ष और अतीन गांगुली को महासचिव चुना गया। इस दौरान परिषद के सदस्याें ने कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए मंत्री अनिल राजभर को 11 सूत्री ज्ञापन सौंपा।

अध्यक्षता विद्युत पेंशनर्स परिषद के वाराणसी अंचल के अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने की। कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने दीप प्रज्ज्वलित कर सम्मेलन का शुभारंभ किया। जो डाॅ. आरबी सिंह ने अपने स्वागत भाषण से किया। कार्यक्रम में सभी उपस्थित 45 से  80 साल से ज्यादा उम्र के अति वरिष्ठ पेंशनरों को शाल एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। महासचिव अतीन गांगुली ने बीते वर्षों के कार्यों और उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने संगठन के 11 सूत्रीय मांग पत्र भी पढ़ा और समाधान की मांग की। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी 78 हजार संविदाकर्मियों को आउटसोर्स निगम में शामिल किया जाएगा। मौके पर निदेशक कार्मिक इंजी. एके सेठ, मुख्य अभियंता अनिल वर्मा, कप्तान सिंह पीपी सिंह रहे।

काशी विद्यापीठ में एलबीएस हॉस्टल में दो दिन होगा कमरे का आवंटन
काशी विद्यापीठ में सत्र 2026-27 के लिए लाल बहादुर शास्त्री छात्रावास में छात्रों को कमरा का आवंटन 28-29 सितंबर को होगा। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन करने वाले विद्यार्थियों की मेरिट सूची के आधार पर नियमानुसार कमरा आवंटित किया जाएगा।

मुख्य गृहपति डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि लाल बहादुर शास्त्री छात्रावास में नव प्रवेशी चयनित छात्रों की सूची छात्रावास के कार्यालय में लगी हुई है। छात्र 28-29 सितंबर को पूर्वाह्न 11 से छात्रावास कार्यालय में उपस्थित होकर अपना-अपना छात्रावास आवंटन की प्रक्रिया पूर्ण करा सकते हैं। 

साथ ही आचार्य नरेंद्र देव छात्रावास के ऐसे छात्र जिन्होंने स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश लिए हैं और वे छात्र जिन्होंने एलबीएस छात्रावास में कक्ष आवंटन कराने हेतु आवेदन जमा किए हैं, उन सभी छात्रों का भी उक्त तिथि में कक्ष आवंटन होगा। छात्रावास कक्ष आवंटन शुल्क सात हजार है। डॉ. सिंह ने बताया कि छात्रावास कक्ष आवंटन शुल्क रसीद, मेस शुल्क रसीद की छायाप्रति संबंधित छात्रावास के कार्यालय में जमा करने के बाद कक्ष आवंटन किया जाएगा। 

विद्यार्थियों ने निकाली जागरूकता रैली
काशी विद्यापीठ पर्यटन अध्ययन संस्थान की ओर से शनिवार को विश्व पर्यटन दिवस के उपलक्ष्य में कई कार्यक्रम हुए। डिजिटल, एआई एवं पर्यटन के आधार पर साप्ताहिक प्रतियोगिता में क्विज, पोस्टर मेकिंग, रील मेकिंग, फोटोग्राफी, रंगोली प्रतियोगिता हुई। साथ ही कैंपस से रैली भी निकाली गई। कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली पंत प्रशासनिक भवन से शुरू होकर भारत माता मंदिर पर आकर समाप्त हुई। कुलपति ने प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।  प्रो. राजेश कुमार मिश्र, कुलानुशासक डॉ. अम्बरीष राय  रहे। 

मध्य प्रदेश और गुजरात से सबसे ज्यादा मिलता है राजस्थानियों का डीएनए
बीएचयू के वैदिक विज्ञान केंद्र में चल रही अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में शनिवार को ‘राजस्थान पुरातनता और परिवर्तन’ पर चर्चा की गई। इस दौरान बीएचयू के प्रोफेसर ज्ञानेश्वर चौबे ने अपने शोध-आधारित व्याख्यान के माध्यम से बताया कि राजस्थानियों का डीएनए पाकिस्तान से नहीं बल्कि मध्यप्रदेश और गुजरात से अधिक मिलता है। वाराणसी इंस्टीट्यूट ऑफ हिस्ट्री द्वारा आयोजित दो दिवसीय संगोष्ठी में प्रो. चौबे ने राजस्थान की विभिन्न जातियों और जनजातियों पर किए गए अपने दीर्घकालिक डीएनए अध्ययन के परिणाम के बारे में बताया। 

कहा कि राजस्थान की आबादी का आनुवंशिक स्वरूप पश्चिम की ओर पाकिस्तान की ओर झुकने के बजाय भारतीय उपमहाद्वीप के मध्य-पश्चिमी भूभाग, विशेषकर मध्य प्रदेश और गुजरात, के साथ सर्वाधिक निकटता रखता है। इस जेनेटिक अध्ययन, जिसमें मीणा, गुज्जर तथा राजस्थान की मिश्रित आबादी के 669 व्यक्तियों के अंाकड़े शामिल थे। व्याख्यान का सबसे चर्चित हिस्सा राजस्थान की जातियों और जनजातियों में पाए गए लगभग 52,000 वर्ष पुराने माइटोकॉन्ड्रियल डीएनए वंशों का प्रस्तुतीकरण रहा। 

पूर्वांचल में स्टार्टअप और नवाचार को नई दिशा देगा यूपी-सीड्स 2026
अशोका इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट में शुक्रवार को अशोका इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट में दो दिवसीय ‘यूपी-सीड्स 2026’ उत्तर प्रदेश पूर्व क्षेत्र स्टार्टअप पारिस्थितिकी एवं उद्यमिता विकास शिखर सम्मेलन का शुभारंभ हुआ। मुख्य वक्ता व अतिथि एकेटीयू लखनऊ के कुलपति प्रो. जेपी पांडेय ने कहा कि भारत के विश्वगुरु बनने के लक्ष्य को नवाचार और स्टार्टअप के माध्यम से गति दी जा सकती है।

विशिष्ट अतिथि डॉ. तरुण अग्रवाल, निदेशक, डीआईसीजीसी एवं बोर्ड सदस्य, आरबीआई, मुंबई ने कहा कि आने वाले वर्षों में मौसम और जलवायु परिवर्तन से जुड़ा क्षेत्र स्टार्टअप के लिए बड़ी संभावनाएं लेकर आएगा। जालान समूह के अध्यक्ष केशव जालान ने कहा कि नवाचार, स्टार्टअप और उद्यमिता के लिए हमेशा बड़ी पूंजी की आवश्यकता नहीं होती। उद्योगपति एवं अध्यक्ष, आईआईए राजेश भाटिया ने कहा कि उद्योग जगत और शिक्षण संस्थानों को एक मंच पर लाना जरूरी है। इससे स्टार्टअप और उद्यमिता के क्षेत्र में युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे। 

कार्यक्रम में जयत्री दासगुप्ता, परियोजना निदेशक, डिजिटल नारी ने भी विचार रखे। अशोका स्कूल ऑफ बिजनेस के प्रबंध निदेशक अनुभव मौर्या ने अतिथियों को स्मृति चिह्न, अंगवस्त्र एवं पौध भेंट कर किया। डायरेक्टर अशोका डॉ. सारिका श्रीवास्तव, डॉ. एसके शर्मा एवं डीन सीएसई डॉ. एलएस मौर्या उपस्थित हुए। मौके पर धवल प्रकाश, डॉ. अपर्णा सिंह, सज्जाद अली अध्यक्ष, डॉ. आनंद जायसवाल आदि उपस्थित हुए। संचालन सैक अध्यक्ष डॉ. अनुजा सिंह ने किया।

प्रो. महेंद्र कुमार ठाकुर को लाइफटाइम अचीवमेंट अवाॅर्ड
बीएचयू के अवकाश प्राप्त प्रोफेसर महेंद्र कुमार ठाकुर को लाइफटाइम अचीवमेंट अवाॅर्ड -2026 से नवाजा गया। पुदुचेरी विवि के ऑडिटोरियम में 24 से 26 सितंबर तक सोसाइटी ऑफ न्यूरोकेमिस्टरी इंडिया के 40वें वार्षिक सम्मेलन में प्रो. ठाकुर को सम्मानित किया गया। यह सम्मान न्यूरोसाइंस क्षेत्र में बढ़ते उम्र के साथ मस्तिष्क में होने वाले परिवर्तन और याददाश्त नियंत्रण संबंधित उल्लेखनीय शोध कार्य के लिए मिला। सोसाइटी के अध्यक्ष प्रो. अमिताभ चट्टोपाध्याय और पुदुचेरी विवि के कुलपति प्रो. प्रकाश बाबू ने प्रो. ठाकुर के कार्यों की सराहना की। बीएचयू से 2018 में अवकाश प्राप्त के बाद वर्तमान में प्रो. ठाकुर राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी के वरिष्ठ वैज्ञानिक के पद पर कार्यरत हैं। 

बीएचयू में कल होगा बीवॉक कोर्स में दाखिला
बीएचयू के राजीव गांधी दक्षिणी परिसर (आरजीएससी) बरकछा, मिर्जापुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के बैचलर ऑफ वोकेशन (बीवॉक) पाठ्यक्रम में 28 सितंबर को दाखिला लिया जाएगा। ऑफलाइन मॉप-अप प्रवेश की प्रक्रिया प्रशासनिक भवन में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगी। ऑफलाइन मॉप-अप प्रवेश के तहत फैशन टेक्नोलॉजी एंड अपैरल डिजाइन, मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट, फूड प्रोसेसिंग एंड मैनेजमेंट, मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी, हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म मैनेजमेंट तथा रिटेल एंड लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट के बी वॉक पाठ्यक्रमों में उपलब्ध सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। बीएचयू की ओर से जारी सूचना में यह बताया गया है कि मॉप-अप राउंड में वे अभ्यर्थी पात्र होंगे, जिन्होंने बीएचयू स्नातक प्रवेश के लिए पूर्व में पंजीकरण किया था, लेकिन वर्तमान में नियमित, स्पॉट अथवा ऑनलाइन मॉप-अप राउंड में कोई प्रवेश सीट प्राप्त नहीं की है। 

कक्षा 5 के मोहित एआई से बने आईएएस, मृत्युंजय आईपीएस 
प्राथमिक विद्यालय पतेरवा, चिरईगांव के कक्षा पांच के विद्यार्थियों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की मदद से अपने भविष्य के सपनों को तस्वीरों में साकार किया। शनिवार को बच्चों ने एआई तकनीक का प्रयोग सीखने के साथ यह भी समझा कि तकनीक का इस्तेमाल केवल मनोरंजन के लिए ही नहीं, बल्कि सीखने, कल्पना को अभिव्यक्त करने के लिए भी किया जा सकता है। कक्षा 5 के मोहित कुमार गोंड आईएएस, मृत्युंजय राव आईपीएस और तुलसी कुमारी ने डॉक्टर बन कर तस्वीर साझा की। विद्यालय में हुए इस प्रयोग के दौरान बच्चों ने अपने मन में बसे भविष्य के सपनों और पसंदीदा पेशों को एआई की मदद से तस्वीरों का रूप दिया। किसी ने डॉक्टर बनने की कल्पना की तो किसी ने शिक्षक, पायलट और अन्य पेशों से जुड़ी अपनी आकांक्षाओं को तस्वीरों में उतारा। 

अशोक सिंघल की जयंती पर वेद सेवक सम्मान
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की ओर से अशोक सिंघल की 100वीं जयंती के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। काशी में जन्म शताब्दी वर्ष के उद्घाटन के अवसर पर सामूहिक रूप से वेद भगवान का पूजन किया जाएगा। साथ ही, वेदों की सेवा में समर्पित काशी के गण्यमान्य नागरिकों को ‘वेद सेवक सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम संयोजक विजय चौधरी ने बताया कि कार्यक्रम मणिकर्णिका घाट स्थित सिद्धपीठ श्री नरसिंह मठ में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक विधि-विधान से आयोजित किया जाएगा। इस दौरान वेद पूजन के साथ अशोक सिंघल के जन्म शताब्दी वर्ष का औपचारिक उद्घाटन भी होगा। 

सीमोल्लंघन कर किया गंगा पार
पूर्वाम्नाय श्री दक्षिणामूर्ति मठ अस्सी में भाद्रपद पूर्णिमा पर शनिवार को सीमोल्लंघन कार्यक्रम हुआ। श्रावण और भाद्रपद मास में आयोजित चातुर्मास्य के अंत का प्रतीक है। दंडी संन्यासी स्वामी वनवैभवारण्य सरस्वती के सान्निध्य में चातुर्मास व्रत उपासक दंडी स्वामी और वानप्रस्थी संत हेमचंद्र झा आदि संत व भक्तों ने भाग लिया। सभी ने मिलकर शाम को काशी की सीमा का उल्लंघन किया। उन्होंने सड़क मार्ग से गंगा नदी को पार किया। वे रामनगर के प्रसिद्ध रामलीला मैदान स्थल होते हुए कुछ दूर आगे तक गए। वापसी के क्रम में मनसा देवी मंदिर में पूजा अर्चना की। 

अभाविप कार्यकर्ताओं ने किया सुंदरकांड का पाठ
बीएचयू में चीफ प्रॉक्टर को हटाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) कार्यकर्ताओं ने शनिवार को सुंदरकांड का पाठ किया। 23 सितंबर से केंद्रीय कार्यालय पर चल रहे धरना, प्रदर्शन के तहत पहले मौन प्रदर्शन और फिर ओपन माइक के माध्यम से अपनी बात विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष रखी। शनिवार को सामूहिक सुंदरकांड पाठ में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता की। अभाविप बीएचयू इकाई अध्यक्ष पल्लव सुमन ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई थी। 

अश्विन नाट्य महोत्सव आज से शुरू होगा
काशी की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने के उद्देश्य से नागरी नाटक मंडली न्यास की ओर से चार दिवसीय अश्विन नाट्य महोत्सव रविवार से शुरू होगा। नागरी नाटक मंडली न्यास प्रेक्षागृह कबीरचौरा में प्रतिदिन शाम 6:30 बजे से नाट्य प्रस्तुतियां होंगी। न्यास के सचिव डॉ. अजीत सैगल ने बताया कि 30 वर्षों से लगातार आश्विन मास में इस महोत्सव का आयोजन हो रहा है। बनारस के रंगकर्मियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया जाता है। बनारस के अलावा बाहर की नाट्य संस्थाएं नाटक का मंचन करती हैं। बताया कि नाट्यकर्मी को पूर्वाभ्यास के लिए तकनीकी सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराई गई हैं। 

शहनाई पर घेरी-घेरी आई सावन की बदरिया...
छावनी परिषद और दीपिका कल्चरल सोसायटी ऑफ इंडिया की ओर से शनिवार की शाम कैंटोनमेंट स्थित नेहरू पार्क में वरुणा संध्या में प्रयागराज के शहनाई वादक चुन्नू अली और हसन हैदर ने प्रस्तुति दी। उन्होंने राग पूरिया कल्याण तीनताल से वादन की शुरुआत की। श्रोताओं ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने मिर्जापुरी कजरी-घेरी-घेरी आई सावन की बदरिया...की धुन पेश किया। अंत में भगवान श्रीराम को समर्पित भजन- राम आएंगे, आएंगे राम आएंगे... की धुन से सभी को राममय कर दिया। 

श्रीराम जानकी मंदिर में लगाया खिचड़ी का भोग
भारत विकास परिषद वाराणसी शाखा की ओर से एक सेवा कार्यक्रम के तहत खिचड़ी प्रसाद का वितरण हुआ। राम कृष्ण मिशन अस्पताल के सामने स्थित श्रीराम जानकी मंदिर में खिचड़ी का भोग लगाकर सैकड़ों भक्तों में प्रसाद का वितरण किया। सेवा में निशा त्रिपाठी, अनीता दुबे, अनिल जायसवाल, डॉ. पूनम जायसवाल, प्रमोद राम त्रिपाठी, विजय नारायण कपूर आदि रहे। 

द्वादश ज्योतिर्लिंगों के स्मरण से 7 जन्मों के पाप होते हैं नष्ट
पं. शिवम शुक्ला महाराज ने कहा कि भगवान शिव के द्वादश ज्योतिर्लिंग हिंदू धर्म में अत्यंत पवित्र और भगवान शिव के स्वयं प्रकाशित स्वरूप माने जाते हैं। 12 ज्योतिर्लिंगों के सुबह और शाम को स्मरण मात्र से ही मनुष्य के सात जन्मों के पाप नष्ट हो जाते हैं। इनके दर्शन करने से भक्तों को मोक्ष और असीम शांति की प्राप्ति होती है। दुर्गाकुंड स्थित एक होटल में चल रही शिव महापुराण के समापन पर शनिवार को कथा मर्मज्ञ पं. शिवम शुक्ला ने द्वादश ज्योतिर्लिंगों की कथा प्रसंग में व्यक्त किया। 

काशी में दिखेगा अंकोरवाट मंदिर, 60 फीट के पंडाल में विराजेंगी मां दुर्गा
प्रख्यात हथुआ मार्केट का पूजा पंडाल इस बार कंबोडिया के अंकोरवाट मंदिर का दर्शन करवाएगा। पहली बार किसी विदेश के मंदिर के थीम पर पूजा पंडाल तैयार हो रहा है। इसमें मंदिर के स्थापत्य कला के साथ बौद्ध धर्म की आभा भी दिखेगी। 60 फीट ऊंचे और 55 फीट चौड़े पंडाल में तीन शिखर होगा। प्रवेशद्वार पर छह-छह फीट के दो शेर होंगे। करीब तीन दशक बाद मां दुर्गा की प्रतिमा भारतीय शैली में बैठाई जाएगी। इसको किसी तरह की तकनीकी से दूर रखा जाएगा। पंडाल में शास्त्रीय संगीत की धुन गूंजेगी। नवरात्र 11 अक्तूबर से शुरू हो जाएगा। 
 

प्रीमियर बॉयज क्लब के संरक्षक डॉ. रमेशदत्त पांडेय, महामंत्री चंद्रप्रकाश जायसवाल व कोषाध्यक्ष डॉ. संजय गुप्ता ने शनिवार को पंडाल परिसर में ही पत्रकारों को बताया कि इस पंडाल को बनारस के अलावा कोलकाता के कारीगर तैयार कर रहे हैं। डेढ़ माह से पंडाल पंडाल का निर्माण शुरू हो गया। 70 फीसदी काम पूरा हो गया है। 14 अक्तूबर बनकर तैयार हो जाएगा। 16 अक्तूबर से पूजा शुरू हो जाएगी। डॉ. रमेश दत्त पांडेय ने बताया कि अंकोरवाट मंदिर के रूप में पंडाल बन रहा है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed