वाराणसी: चीनी मांझे ने छीन ली एक और जिंदगी, 8 जनवरी को हुए शिकार, बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में लगे थे टांके
आठ जनवरी को ओवैश अंसारी चीनी मांझे से घायल हो गए। उनका नाक और गला कट गया था। बीएचयू में उनको कई टांके आए। उसके बाद से वह घर थे।
विस्तार
पिछले हफ्ते वाराणसी के सामनेघाट पुल पर चीनी मंझे से घायल रिटायर्ड बिजली विभाग के जेई ओवैश अंसारी 63 वर्ष की शनिवार सुबह मौत हो गई। शाम को मगरिब की नमाज के बाद गोलाघाट स्थित कब्रिस्तान में उन्हें सुुपुर्द-ए-खाक किया गया। इस दौरान परिवारीजन और अन्य शुभ चिंतक काफी गमगीन रहे।
गोला घाट निवासी बिजली विभाग के रिटायर्ड जेई औवेश अंसारी आठ जनवरी को घर लौटते समय सामनेघाट पुल पर चीनी मंझे से घायल हो गए थे, बीएचयू स्थित ट्रामा सेंटर में उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई थी। चीनी मंझे से नाक और गला कटने से उन्हें आठ टांके लगे थे।
सीने में दर्द और सांस लेने में हुई थी तकलीफ
ओवैश अंसारी के बेटे के अनुसार रात में उन्हें सीने में दर्द और सांस लेने में तकलीफ हुई थी। वहीं शनिवार को ही उन्हें टांका कटवाने जाना था लेकिन तड़के सुबह में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। पूर्वांचल निर्यातक संघ के पूर्व अध्यक्ष जुनैद अंसारी ने बताया कि तीन बेटियों और एक बेटे के पिता जेई ओवैश अंसारी काफी नेकदिल इंसान थे।
बिजली विभाग के मीटर में जेई पद से 2017 में रिटायर हुए थे और अन्य कई समाजसेवी संगठनों से जुड़कर सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे। हमने एक अच्छा इंसान और समाजसेवी खो दिया। उधर, उनके निधन के बाद लोगों में काफी गम और गुस्सा रहा।
पुलिस प्रशासन एक तरफ चीनी मंझे के खिलाफ कार्रवाई कर रही है तो दूसरी ओर जानलेवा मंझे की बिक्री नहीं थम रही है। मकर संक्रांति पर रामनगर के मच्छरहट्टा, रामपुर, पुराना रामनगर, गोलाघाट आदि मुहल्लों की दुकानों पर चोरी छिपे मंझे की बिक्री खूब हुई।
ये हुए पिछले कुछ दिनों में घायल
8 जनवरी को आशापुर निवासी पवन कुमार सिंह भी मांझे में फंसकर घायल हो गए।
21 दिसंबर को लंका के सीर गोवर्धन निवासी दिलीप यादव(42) का डाफी में चीनी मांझे से हाथ कट गया। दिलीप को टांका लगवाना पड़ा। दाहिने हाथ की उंगली कट गई थी।
19 दिसंबर को कपसेठी बाजार में भदोही चौरी निवासी मोहम्मद कैफ और मोहम्मद सैफ का चीनी मांझे से गला कट गया। दोनों भाई शहर से भदोही स्थित घर लौटते समय घायल हुए।
15 दिसंबर को चौबेपुर के संदहा निवासी अनिल कुमार चौहान (45) का चीनी मांझे से नाक और गला कट गया। सारनाथ के लेढ़ूपुर स्थित स्कूल से बच्चों को लेकर लौटते समय लहूलुहान हुए।
अगस्त 2020 में चीनी मांझे ने पांडेयपुर क्षेत्र में चार साल की मासूम बच्ची कृतिका की जान ले ली थी। इसी मांझे से उसके पिता संदीप गुप्ता भी घायल हो गए थे।
पांच जून 2021 को चौकाघाट फ्लाईओवर पर चीनी मांझे से औराई निवासी बाइक सवार मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव आकाश शुक्ला 30 वर्ष की मौत हो गई थी।
22 सितंबर 2021 को अर्दली बाजार के पार्वती नगर निवासी धनंजय राय 30 वर्ष चौकाघाट पुल चीनी मांझे से गंभीर रूप से घायल हुआ था।