Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Chhath Puja Devotees take dip in Ganges 36-hour fast without water begins today

डाला छठ: गंगा में लगाई डुबकी, लौकी-भात खाकर शुरू किया महापर्व, आज से 36 घंटे का निर्जला व्रत

Sat, 14 Nov 2026 02:01 PM IST
Pragati Chand अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Pragati Chand Updated Sat, 14 Nov 2026 02:01 PM IST
सार

काशी में छठ की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। व्रतियों ने नहाय-खाय के साथ ही छठी मइया की आराधना का कठिन अनुष्ठान शुरू किया। आज दिनभर निर्जला व्रत रखकर शाम को बखीर और रोटी ग्रहण करेंगी।

विज्ञापन
Chhath Puja Devotees take dip in Ganges 36-hour fast without water begins today
छठ की खरीदारी करतीं महिलाएं - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

सूर्यदेव की उपासना का चार दिवसीय महापर्व डाला छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ। महिलाओं ने गंगा स्नान कर घरों में साफ-सफाई की। इसके बाद शुद्धता के साथ अरवा चावल, चने की दाल और लौकी की सब्जी तैयार कर ग्रहण की और छठी मइया की आराधना का कठिन अनुष्ठान शुरू किया। 

विज्ञापन


शनिवार को दिनभर निर्जला व्रत रखकर खरना करेंगी। इस दौरान बखीर और रोटी ग्रहण करेंगी। इसके साथ ही 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा। रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगी। सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद पारण के साथ महापर्व का समापन करेंगी। 
विज्ञापन


उन्होंने गंगा घाटों पर बनाई गई वेदियों पर दीपदान किया। छठ पर्व में नहाय-खाय का विशेष महत्व है। इसी दिन से यह पर्व शुरू होता है। इस व्रत को महिलाएं और पुरुष दोनों करते हैं। व्रतियों ने सुबह गंगा या घर में स्नान कर अपने आराध्य देव की पूजा की। विभिन्न प्रांतों से आकर काशी में रह रहे लोगों ने अपनी लोक परंपरा के अनुसार गंगा स्नान कर पूजन-अर्चन किया। शाम ढलते ही घाटों पर वेदियों के पास दीप जलाए गए। 
विज्ञापन
विज्ञापन


व्रतियों ने घरों की साफ-सफाई कर पूरी तरह सात्विक तरीके से लौकी-भात बनाया और छठी मइया को भोग लगाकर ग्रहण किया। मान्यता है कि नहाय-खाय से शुरू होने वाला यह अनुष्ठान परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की खुशहाली के लिए किया जाता है। 

Trending Videos

बरेका सूर्यसरोवर पर सीसीटीवी से निगरानी
सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा को लेकर बरेका स्थित सूर्यसरोवर पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सरोवर परिसर में छठ महापर्व पर व्रती महिलाएं और उनके परिजन तैयार वेदियों पर रंग-रोगन कर रहे हैं। छठ समिति बरेका के अध्यक्ष अनूप सिंह और महामंत्री अजय आर ने बताया कि सरोवर के चारों तरफ व्रती महिलाओं के लिए कपड़े बदलने के 26 चेंजिंग रूम बनाए गए हैं। 15 अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरों से पूरे सरोवर की निगरानी की जाएगी। इसके साथ ही पूरे परिसर में आकर्षक झालरों से सजावट की जा रही है। 

समिति की ओर से 108 बार हनुमान चालीसा का पाठ करने के अलावा रात में सुंदरकांड का पाठ और भजन संध्या का आयोजन होगा। रात में व्रती महिलाओं और उनके परिजनों के रुकने की निशुल्क व्यवस्था की गई है। रात में भरतनाट्यम की प्रस्तुति भी होगी। सूर्यसरोवर परिसर में भीड़ नियंत्रित करने के लिए समिति की ओर से चार हजार पास वितरित किए जा रहे हैं। एक पास पर व्रती महिला के साथ परिवार के पांच लोग जा सकते हैं।

डाला छठ पर उमड़ेगी आस्था की भीड़, सरोवरों पर बदहाली का आलम
चिरईगांव। स्वच्छता और पवित्रता का महापर्व छठ है, लेकिन क्षेत्र के तरया, बरियासनपुर, जाल्हूपुर स्थित श्री कच्चा बाबा सरोवर, बिशनपुरा स्थित मां काली मंदिर, चांदपुर और खानपुर के सरोवरों सहित अनेक गांवों के सरोवरों की सफाई नहीं हुई है। व्रती महिलाएं इन्हीं स्थानों पर श्रद्धा और विधि-विधान से अस्ताचलगामी एवं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देंगी। ब्लॉक की बीडीओ एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रिया सैनी ने बताया कि सभी ग्राम पंचायतों के तालाबों के किनारे झाड़-झंखाड़ की सफाई, पानी की गहराई के अनुसार बैरिकेडिंग और पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था के लिए निर्देश दिए गए हैं।

बनारस स्टेशन पर 250 यात्रियों की क्षमता का अस्थायी आश्रय स्थल बनाया
छठ महापर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए बनारस स्टेशन के होल्डिंग एरिया में सुविधा, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। यह व्यवस्था मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन में की गई है। बनारस स्टेशन परिसर में 2025 वर्गफीट का अस्थायी यात्री आश्रय स्थल बनाया गया है। इसमें एक साथ लगभग 250 यात्रियों के बैठने और ट्रेन की प्रतीक्षा करने की व्यवस्था है। आश्रय स्थल में बिजली, पंखे, शुद्ध पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा और मोबाइल यूटीएस टिकटिंग की सुविधा है। ट्रेनों की जानकारी के लिए उद्घोषणा प्रणाली और वीडियो पैनल लगाए गए हैं, ताकि प्लेटफार्मों पर अनावश्यक भीड़ न लगे। प्रवेश-निकास द्वारों और प्लेटफार्मों पर बैरिकेडिंग की गई है। 24 घंटे ''मे आई हेल्प यू'' बूथ संचालित हैं। सीसीटीवी से निगरानी, नियंत्रण कक्ष, आरपीएफ व जीआरपी की तैनाती और महिला सुरक्षा के लिए विशेष टीम लगाई गई है। स्टेशन परिसर में छठ के पारंपरिक गीतों का प्रसारण भी हो रहा है।

छठ पूजा की कहानियां
पति-पत्नी ने बच्चे की खुशहाली के लिए शुरू किया व्रत

रोहनिया के अखरी निवासी कृषि वैज्ञानिक डॉ. अविनाश राय कृषि विज्ञान केंद्र, सोनभद्र में कार्यरत हैं। उनकी पत्नी संगीता राय प्राथमिक विद्यालय जमीन बैरवन में अध्यापिका हैं। पति-पत्नी ने बच्चे की खुशहाली और उन्नति के लिए व्रत का संकल्प लिया था। तभी से दोनों विधि-विधान से छठ मइया का पूजन-अर्चन करते हैं। उनका नौ साल का बेटा सर्व कुमार राय है। संगीता राय ने बताया कि मां पूजा करती थीं। तभी से उनके मन में भी श्रद्धा का भाव आने लगा।

पुत्र की कामना के लिए शुरू किया व्रत
रोहनिया के शहावाबाद निवासी व्यवसायी अजय जायसवाल और उनकी पत्नी राधा जायसवाल ने संतान प्राप्ति के लिए छठ व्रत की शुरुआत की। आज उनके दो बेटियां और एक बेटा है। दोनों छठी मइया का व्रत करते हैं। अजय जायसवाल ने बताया कि जब वे लोग पूजन कर अर्घ्य देने जाते थे, तभी से छठी मइया के प्रति उनकी आस्था बढ़ी। वे 17 वर्षों से छठी मइया का व्रत रख रहे हैं।

छठ पूजा की ऐसी लगन लगी कि घर के बाहर ही खुदवा दिया तालाब
गांगपुर काशीपुर में एक परिवार ने छठ पूजा की शुरुआत 21 वर्ष पहले की। अब धीरे-धीरे गांव के बहुत से लोग भी यह पूजा करने लगे हैं। गांव की बहू अमृता सिंह ने अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की थी। उनकी मनोकामना पूरी हुई तो उन्होंने छठ पूजा शुरू की। वह पहले पास के गांव के सरोवर पर पूजा करने जाती थीं। परिवार की श्रद्धा और आस्था बढ़ी तो उनके पति संजीव सिंह ने घर के पास ही तालाब खुदवा दिया। तीन बिस्वा में तालाब खोदा गया है। तालाब में जाने के लिए सीढ़ियां बनाई गई हैं। अमृता को एक पुत्री और एक बेटा है।

30 साल से बनारस में हर साल घाट पर गुजरती है छठ की रात
मूल रूप से बिहार के डेहरी-ऑन-सोन के पास सियावक गांव की रहने वाली उमा देवी 30 साल से लगातार छठ पूजा कर रही हैं। उन्होंने बताया कि सास के साथ 30 साल पहले व्रत शुरू किया था। गांव के घाट पर छठ मइया की पूजा कर बेटे की कामना की थी। इसके बाद वह पति रामकुमार गुप्ता के साथ बनारस के रामघाट पर रहने लगीं। बेटा हुआ तो पूरे परिवार के साथ हर साल बनारस में गायघाट जाकर विधि-विधान से छठ पूजा करने लगीं। वह लोहता क्षेत्र के भीटारी रोड स्थित न्यू कॉलोनी में रहती हैं।

14 साल तक सूनी रही गोद, छठी मइया ने पूरी की मुराद
चिरईगांव के जाल्हूपुर गांव की सरोज पत्नी अरविंद यादव की शादी के 14 वर्ष तक गोद सूनी रही। संतान प्राप्ति के लिए उन्होंने तमाम इलाज कराए, पूजा-पाठ किया और मन्नतें मांगीं, लेकिन हर बार निराशा हाथ लगी। आखिरकार उन्होंने छठी मइया के दरबार में गुहार लगाई और 14 वर्ष बाद उनके घर में किलकारी गूंज उठी। सरोज बताती हैं कि शादी के बाद लंबे समय तक संतान नहीं होने से वह और उनके पति अरविंद यादव पूरी तरह निराश हो चुके थे। इसी बीच उनकी जेठानी, जिनका मायका बिहार के धनिहारी में है, के साथ छठ पूजा में शामिल होने का अवसर मिला। जेठानी के साथ उन्होंने छठी मइया के नाम अंचरा भरकर संतान प्राप्ति की मन्नत मांगी।

दिल्ली से काशी में करने आते हैं व्रत
दिल्ली में रहने वाली प्रीति देवी और उनके पति दीपक कुमार दोनों छठ मइया का व्रत रखते हैं। कई साल तक उन्हें संतान नहीं हुई। वे काफी परेशान थे। उन्होंने छठ व्रत शुरू किया और आज उनके एक पुत्री और एक पुत्र हैं। दीपक ने कहा कि मां छठी की कृपा से ही उन्हें पिता बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। वे हर साल दिल्ली से काशी आते हैं और सामने घाट स्थित अपने घरवालों के साथ उत्तरवाहिनी गंगा तट पर पूजा करते हैं। उन्होंने पहली बार 2019 में छठ व्रत शुरू किया था।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed