चंदौली : रसायन लदे ट्रेलर में लगी आग, दो घंटे तक हाइवे रहा जाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में रसायन लदे ट्रेलर में आग लग गई। जिससे चार से पांच लाख रुपये का माल ट्रेलर समेत जल कर राख हो गया। इस आगजनी के कारण दो घंटो हाइवे पर जाम लगा रहा।
पंजाब के राजापुरा निवासी कुलवंत सिंह का ट्रेलर लेकर मठेना कन्नौज निवासी राजकुमार यादव एक हफ्ते पहले कोलकाता के लिए चला था। ट्रेलर पर 25-25 किलो की बारह सौ बोरी वाटर केमिकल और 116 गैस चूल्हे लदे थे। शुक्रवार की सुबह चंदौली के नौबतपुर के पहले बगहीं गांव के समीप उसने ट्रेलर को सड़क के किनारे खड़ा कर दिया।
दस बजे के करीब एक होटल में वह आराम करने लगा। इसी बीच ट्रेलर के पिछले हिस्से से धुंआ निकलता देख वह चौंक गया। जब तक वह मौके पर पहुंच कर सामान हटाता तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। बीच सड़क पर ट्रेलर जलता देख लोगों में हड़कंप मच गया। छह लेन वाले रोड के तीन लेन पर आवागमन रुक गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने आधा किलोमीटर पहले ही वाहनों का आवागमन रोक दिया। पुलिस ने फायर ब्रिगेड को सूचित किया। करीब 40 मिनट बाद फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने आधे घंटे के प्रयास के बाद आग बुझाई।
इसके बाद दोपहर 12 बजे के बाद आवागमन सुचारू हो सका। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। चालक राजकुमार के अनुसार ट्रेलर पर चार से पांच लाख रुपये का माल लदा था, जो जल कर नष्ट हो गया।