एक्स आर्मी मैन बताकर की ठगी: वाराणसी के युवक से नौकरी के नाम पर 32 लाख हड़पे, STF ने दिल्ली से दबोचा
नौकरी के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने शुक्रवार को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने वाराणसी के अमीनी गांव निवासी सुनील पटेल से 32 लाख की ठगी की है।
विस्तार
वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के युवकों से नौकरी के नाम पर 32 लाख हड़पने के आरोपियों को यूपी एसटीएफ और पुलिस की टीन ने दिल्ली स्थित वाईडब्लूसीए से गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी खुद को एक्स आर्मी मैन बताकर लोगों का झांसा देते थे। मिर्जामुराद थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह के अनुसार बीते अप्रैल माह में अमीनी गांव निवासी सुनील पटेल मुकदमा दर्ज कराया था।
आरोप लगाया था कि नौकरी दिलाने के नाम पर राज कुमार सिंह और गौरव सेठी ने कई किश्तों में 32 लाख रुपये लिए। सुनील के पैसे वापस मांगने पर दोनों ने पैसे लौटाने से इनकार किया और जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनो वांछितों में राज कुमार सिंह उर्फ आर के सिंह (48) रायबरेली जिले के कनपुरियन गांव का निवासी है जबकि 52 वर्षीय गौरव राठी नई दिल्ली के एफ-89 राजौरी गार्डेन का निवासी है।
दोनों को एसटीएफ की मदद से शुक्रवार को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 17 डेबिट कार्ड, छह मोबाइल, दो डीएल, 19 चेक, पांच आधार कार्ड, एक पासपोर्ट, एक मेम्बर शिप कार्ड, एक लाइसेंसी रिवाल्वर, तीन अदद पैन कार्ड, 10 चेक बुक, एक पासबुक, एक आर्मी कैंटीन कार्ड, एक अदद टोल टैक्स कार्ड, तीन प्रवेश पत्र, दो मोहर, सात सिम कार्ड, 1480 रुपये नकद और ब्रेजा कार बरामद हुई है।
दहेज हत्या के मामले में पति गिरफ्तार
शारीरिक शोषण करने के आरोपी पर मुकदमा
कपसेठी थाना क्षेत्र के सिरहिरा गांव निवासी एक युवती ने अपने पड़ोसी गांव गजेपुर के प्रदीप पटेल पर शनिवार को मुकदमा दर्ज कराया। युवती ने आरोप लगाते हुए बताया कि प्रदीप शादी का झांसा देकर बीते दो महीने से उसका शारीरिक शोषण कर रहा था। युवती ने जब भी शादी का दबाव बनाया तो प्रदीप ने इनकार कर दिया। युवती की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।
महिलाओं पर अश्लील फब्तियां कसने का आरोपी गिरफ्तार
कपसेठी थाना क्षेत्र के सिरहिरा बाजार में महिलाओं और छात्राओं पर अश्लील फब्तियां कसना एक युवक को भारी पड़ गया। शनिवार को पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया। कमालपुर गांव निवासी आशीष कुमार सिरहिरा बाजार में महिलाओं और छात्राओं पर अश्लील फब्तियां कस रहा था। बाजार वासियों ने जब विरोध किया तो वह मारपीट पर उतारू हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।