Chandrayaan 3: चंद्रयान-3 की सफलता के लिए वाराणसी में जलाए 1001 दीपक, गंगा आरती में विशेष प्रार्थना
वाराणसी के दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती पूरी तरह से चंद्रयान अभियान को समर्पित रही। श्रद्धालुओं ने हाथों में चंद्रयान-3 की तस्वीर लेकर मां गंगा और बाबा विश्वनाथ से मिशन पूर्ण होने की प्रार्थना की।
विस्तार
शिव की नगरी में चंद्रयान-3 की सफलता के लिए काशीवासियों ने उत्तरवाहिनी से गुहार लगाई। सुबह से लेकर शाम तक धार्मिक अनुष्ठान का दौर चलता रहा। दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती में श्रद्धालुओं ने मां गंगा की विशेष आरती उतारी और पूजा-अर्चना करके अभियान की सफलता की कामना की। आरती के दौरान घाट पर 1001 दीपों से चंद्रयान-3 लिखा गया।
शुक्रवार को दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती पूरी तरह से चंद्रयान अभियान को समर्पित रही। श्रद्धालुओं ने हाथों में चंद्रयान-3 की तस्वीर लेकर मां गंगा और बाबा विश्वनाथ से मिशन पूर्ण होने की प्रार्थना की। गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा ने कहा कि इसरो की ओर से चंद्रयान-3 की लांचिंग के लिए गंगा सेवा निधि द्वारा आयोजित गंगा आरती में 1001 दीपों से चंद्रयान-3 लिखकर मां गंगा और बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना की गई है। वह जिस लक्ष्य को लेकर चंद्रमा पर गया है, वह पूर्ण हो। इस दौरान आशीष तिवारी, हनुमान यादव समेत हजारों की संख्या में श्रद्धालु आरती में मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें: वाराणसी में केवल इलेक्ट्रिक बसें चलेंगी, अक्तूबर तक हट जाएंगी डीजल से चलने वाली सिटी बसें
भगवान शिव से आराधना
इसके पूर्व शिव मंदिर पर काशीवासियों ने चंद्रयान की तस्वीर को लेकर भगवान शिव से आराधना की। सभी ने चंद्रयान -3 के सफल परीक्षण के लिए कामना की और विशेष पूजा-अर्चना भी की। पांडेय घाट पर मां गंगा से विशेष प्रार्थना की गई। बंगाली समाज के लोगों ने बंगाली विधि विधान से पूजा करते हुए मां गंगा को 101 लीटर दुग्धाभिषेक किया।
चंद्रयान-3 को छात्रों ने दी शुभकामनाएं
गंगापुर इंटर कॉलेज में शुक्रवार को छात्रों ने चंद्रयान-3 मिशन के लिए शुभकामनाएं दी। छात्रों ने सामूहिक प्रार्थना कर सफलता की कामना भी की। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि चंद्रमा पृथ्वी का उपग्रह है। जिस पर मनुष्य संभावनाएं तलाश रहा है। अभी भी चंद्रमा तमाम रहस्यों से भरा पड़ा है। छात्रों ने चंद्रयान के कटआउट और प्रोजेक्ट के साथ सेल्फी भी ली। इस दौरान अभिषेक सिंह, अश्विनी सिंह, पीके सिंह, शीतला प्रसाद आदि ने छात्रों को चंद्रयान के बारे में जानकारी दी।