सीडीओ मधुसूदन हुल्गी ने बृहस्पतिवार को वर्चुअली बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की। इसमें भाग नहीं लेने पर अल्संख्यक कल्याण अधिकारी का एक दिन का वेतन रोका। आराजी लाइन में तीन, चिरईगांव में एक आंगनबाड़ी केंद्र भवन के निर्माण में लापरवाही पर सीडीपीओ और खंड विकास अधिकारी को कारण बताओ नोटिस दिया। श्रमिक पंजीयन व प्रधान मंत्री श्रम योगी मानधन योजना में लापरवाही पर सहायक श्रम आयुक्त को चेतावनी दी।
बैठक में लघु सिंचाई, उद्यान, कृषि, मत्स्य, श्रम को लक्ष्य के अनुरूप लाभार्थियों के चयन का निर्देश दिया। डीपीआरओ को सामुदायिक शौचालयों, पंचायत भवन का निर्माण पूरा कराने का निर्देश दिया। पीएम, सीएम आवास योजना का चरणवार कार्ययोजना बनाकर काम करने को कहा। इसके अलावा कन्या सुमंगला योजना , मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में लाभार्थियों का चयन करने, 11 निष्क्रिय दुग्ध समितियों को गठन, जून का दुग्ध संग्रह रूटवार पेश करने को कहा। कौशल विकास मिशन की ट्रेनिंग के आंकड़े मांगे। तीन माह में मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार सृजन योजना का लक्ष्य पूरा करने को कहा। सहकारिता से एनपीए का विवरण मांगा। पौधा उठान और जियो टैगिंग का कार्य पूरा कराने और स्थलों का विवरण मांगा। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना व एक जनपद एक उत्पाद की प्रगति बढ़ाने को कहा।