यूपी: कंटेनर से मिर्जापुर ले जाया जा रहा 3.30 करोड़ का गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार; केबिन देख चकराया दिमाग
सोनभद्र में पुलिस ने कंटेनर के विशेष केबिन में छिपाकर मिर्जापुर ले जाया जा रहा करीब 3.30 करोड़ रुपये का गांजा बरामद किया। ओडिशा के कटक से लाई जा रही खेप के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, यह जिले में इस वर्ष की दूसरी बड़ी बरामदगी है। मिर्जापुर से जुड़े दूसरे गिरोह का भी खुलासा हुआ।
विस्तार
कंटेनर में बनाए गए विशेष केबिन में भरकर मिर्जापुर ले जाया जा रहा 6.25 कुंतल गांजा (अनुमानित कीमत 3.10 करोड़) बृहस्पतिवार की भोर में शाहगंज थाना क्षेत्र के गौरीशंकर के पास रॉबर्ट्सगंज-घोरावल मार्ग पर बरामद कर लिया गया। यह खेप ओडिशा के कटक से मिर्जापुर शहर में ले जाई जा रही थी।
ओडिशा के रहने वाले दो अंतरराज्यीय तस्कर भी गिरफ्तार किए गए हैं। पूछताछ में उन्होंने पुलिस को कई अहम जानकारियां दी हैं। उसके आधार पर आगे की जांच जारी है। महज दो दिन के भीतर मिर्जापुर गांजा पहुंचाने वाले दो गिरोहों के खुलासे के बाद तस्करी की जांच में जुटी टीमों की सक्रियता बढ़ा दी गई है।
एसपी अभिषेक वर्मा ने पुलिस लाइन सभागार में शाम को इस कामयाबी का खुलासा किया। बताया कि शाहगंज पुलिस टीम क्षेत्र में भ्रमण कर संदिग्ध व्यक्तियों-वाहनों की जांच में लगी हुई थी। उसी दौरान एसओजी प्रभारी रामस्वरूप वर्मा को सूचना मिली कि एक संदिग्ध कंटेनर रॉबर्ट्सगंज-घोरावल मार्ग से गुजर रहा है।
जैत गांव के पास उन्होंने उसे रोकने की कोशिश भी की लेकिन चालक कंटेनर लेकर शाहगंज की तरफ भाग निकला। तत्काल इसकी जानकारी शाहगंज थानाध्यक्ष मानवेंद्र सिंह को दी गई। उनकी अगुवाई वाली टीम गौरीशंकर मंदिर के पास चेकिंग में जुट गई। यह देख चालक ने वाहन को वहां स्थित पुलिया के पहले ही रोक दिया और उस पर सवार चालक सहित दो व्यक्ति कूदकर भागने लगे। तभी वहां एसओजी प्रभारी भी पहुंच गए और घेरेबंदी कर भोर में तीन बजे के करीब दोनों को पास के भीटे से दबोच लिया।
पकड़े गए ढेनकनाल (ओडिशा) थाना क्षेत्र के सरखिया कांकड़पाल निवासी दिलीप कुमार देहुरी और भुबन थाना क्षेत्र के महुलपाल निवासी संतोष कुमार साहू ने बताया कि गांजा रखने के लिए लोहे की चादर से वेल्डिंग कर एक विशेष केबिन बनाई गई है। उसे खुलवाकर देखा गया तो उसमें से छह कुंतल 25 किलो गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया है कि वह कटक, ओडिशा के एक व्यक्ति के लिए गांजा परिवहन का कार्य करते थे। उसी व्यक्ति ने कंटेनर में विशेष केबिन तैयार कराकर गांजा लोड कराया था। उसे उन्हें मिर्जापुर के एक व्यक्ति के यहां पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई थी। उन्होंने पूर्व में भी मिर्जापुर गांजा पहुंचाने की जानकारी दी है। मिली जानकारी, बरामद किए गए मोबाइल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क व उससे जुड़े व्यक्तियों के बारे में पता लगाया जा रहा है। - अभिषेक वर्मा, एसपी।